Top
Begin typing your search above and press return to search.

इंटर मियामी और एफसी सिनसिनाटी के बीच मुकाबला: एमएलएस

मियामी, एमएलएस रेगुलर सीजन के मुकाबले में इंटर मियामी सीएफ और एफसी सिनसिनाटी के बीच मैच 2-2 से ड्रॉ रहा।

इंटर मियामी और एफसी सिनसिनाटी के बीच मुकाबला: एमएलएस
X

मियामी, एमएलएस रेगुलर सीजन के मुकाबले में इंटर मियामी सीएफ और एफसी सिनसिनाटी के बीच मैच 2-2 से ड्रॉ रहा। फॉरवर्ड लुइस सुआरेज और विंगर रिकेल्मे फिलिपी के गोलों की मदद से इंटर मियामी ने यह अंक हासिल किया। रिकेल्मे फिलिपी का इंटर मियामी के खिलाड़ी के तौर पर यह पहला गोल था।

पहले 45 मिनट के कड़े संघर्ष के बाद इंटर मियामी ने दूसरे हाफ में बढ़त बनाई। 61वें मिनट में सुआरेज ने गोल करके गतिरोध तोड़ा। कैसिमिरो ने बॉक्स के बाईं ओर सुआरेज को पास दिया, जहां उरुग्वे के इस दिग्गज स्ट्राइकर ने गेंद को कंट्रोल किया और फिर अपने दाहिने पैर से एक शानदार कर्लर शॉट लगाकर गेंद को गोल के ऊपरी दाएं कोने में पहुंचा दिया।

इस गोल के साथ रेगुलर सीजन में सुआरेज के कुल गोलों की संख्या 16 हो गई है। वहीं, इस सीजन की शुरुआत में क्लब से जुड़ने के बाद कैसिमिरो का यह पहला असिस्ट था। इसके बाद 80वें मिनट में विपक्षी टीम ने गोल करके स्कोर बराबर कर दिया, और फिर 86वें मिनट में बढ़त बना ली। 83वें मिनट में सब्स्टिट्यूट के तौर पर मैदान पर आए रिकेल्मे फिलिपी ने 90वें मिनट में गोल करके इंटर मियामी के लिए स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

ब्राजील के विंगर रिकेल्मे फिलिपी को बाईं ओर डी पॉल से गेंद मिली। उन्होंने एक डिफेंडर को छकाते हुए अंदर की तरफ कट किया और शानदार फिनिश के साथ गेंद को गोल पोस्ट के निचले दाएं कोने में पहुंचा दिया। इंटर मियामी के लिए यह रिकेल्मे फिलिपी का पहला गोल था।

वहीं, डी पॉल का यह इस रेगुलर सीजन का 16वां असिस्ट था, जिसके साथ वह इस लीग कैंपेन में टीम के लिए सबसे ज्यादा असिस्ट देने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। कुल मिलाकर, इस एमएलएस रेगुलर सीजन में इंटर मियामी ने अब तक 15 जीत, 6 हार और 11 ड्रॉ के साथ कुल 56 अंक हासिल किए हैं और वह ईस्टर्न कॉन्फ्रेंस स्टैंडिंग में तीसरे स्थान पर हैं।

गौरतलब है कि इंटर मियामी इस सीजन में एमएलएस की सबसे अधिक गोल करने वाली टीम रही है। उन्होंने रेगुलर सीजन के 32 मैचों में कुल 75 गोल किए हैं, जो कि दूसरे नंबर पर मौजूद टीम से 7 गोल ज्यादा हैं। इंटर मियामी रविवार को मैसाचुसेट्स के फॉक्सबोरो स्थित जिलेट स्टेडियम में न्यू इंग्लैंड रेवोल्यूशन के खिलाफ मुकाबले के लिए मैदान में उतरेगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it