Begin typing your search above and press return to search.
Kuldeep Yadav Reception: रिसेप्शन में पत्नी संग विंटेज कार से पहुंचे कुलदीप यादव, सीएम योगी के पैर छूकर लिया आशीर्वाद
रिसेप्शन का माहौल उस समय खास हो गया, जब कुलदीप यादव अपनी पत्नी वंशिका सिंह के साथ विंटेज कार में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस कार को विशेष रूप से दिल्ली से मंगाया गया था, जिसने समारोह में एक अलग ही आकर्षण जोड़ दिया।

लखनऊ: Kuldeep Yadav Vanshika Singh Reception: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर और ‘चाइनामैन’ गेंदबाज के रूप में मशहूर कुलदीप यादव के विवाह उपरांत आयोजित भव्य रिसेप्शन में शाही रंग और सितारों की चमक एक साथ देखने को मिली। अंसल स्थित पांच सितारा सेंट्रम होटल में मंगलवार को हुए इस समारोह में राजनीति, खेल और समाज के करीब एक हजार विशिष्ट मेहमान शामिल हुए।
विंटेज कार से एंट्री
रिसेप्शन का माहौल उस समय खास हो गया, जब कुलदीप यादव अपनी पत्नी वंशिका सिंह के साथ विंटेज कार में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इस कार को विशेष रूप से दिल्ली से मंगाया गया था, जिसने समारोह में एक अलग ही आकर्षण जोड़ दिया। कुलदीप काले रंग के बंदगला सूट में बेहद सजीले नजर आए, जबकि वंशिका क्रीम रंग की साड़ी में बेहद खूबसूरत दिखीं। दोनों की जोड़ी स्टेज पर भी खास आकर्षण का केंद्र रही, जहां उनके बीच की केमिस्ट्री और बॉन्डिंग साफ झलक रही थी।
CM योगी ने दिया आशीर्वाद, कुलदीप ने छुए पैर
समारोह का सबसे खास पल तब आया, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवदंपती को आशीर्वाद देने पहुंचे। कुलदीप यादव ने मंच पर पहुंचते ही दौड़कर उनके पैर छुए और आशीर्वाद लिया, जबकि वंशिका सिंह ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने नवदंपती को बुके भेंट करते हुए सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने कुलदीप के माता-पिता से भी मुलाकात कर उन्हें बधाई दी।
बताया जा रहा है कि CM योगी कुलदीप और वंशिका के लिए अलग-अलग उपहार भी लेकर पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान एक हल्का-फुल्का पल भी देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद एक छोटे बच्चे के साथ मस्ती की और उसे चॉकलेट दी, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया।
Lucknow, Uttar Pradesh: Samajwadi Party chief Akhilesh Yadav attended the wedding reception of cricketer Kuldeep Yadav and Vanshika Chaddha at Hotel The Centrum and extended his congratulations pic.twitter.com/7Q94izf409
— IANS (@ians_india) March 17, 2026
अखिलेश यादव ने गले लगाकर दी बधाई
CM योगी के जाने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी रिसेप्शन में पहुंचे। कुलदीप जैसे ही उनके पैर छूने के लिए झुके, अखिलेश ने उन्हें रोक लिया और गले लगाकर बधाई दी। दुल्हन वंशिका सिंह ने परंपरा निभाते हुए अखिलेश यादव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। सपा प्रमुख ने नवदंपती को बुके और उपहार भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
राजनीति और क्रिकेट जगत की बड़ी हस्तियां रहीं मौजूद
इस भव्य समारोह में कई प्रमुख हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, नगर विकास मंत्री एके शर्मा, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ल शामिल रहे। वहीं क्रिकेट जगत से टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर, स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, विकेटकीपर ऋषभ पंत, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा, युवा खिलाड़ी ध्रुव जुरेल और पूर्व ओपनर शिखर धवन भी समारोह में पहुंचे। शिखर धवन और रवींद्र जडेजा अपनी पत्नियों के साथ शामिल हुए। इन सितारों की मौजूदगी ने समारोह की रौनक को और बढ़ा दिया।
‘प्लेटिनम डिनर’ का खास इंतजाम
रिसेप्शन में मेहमानों के लिए शानदार खानपान की व्यवस्था भी की गई थी। जानकारी के अनुसार, होटल के ‘प्लेटिनम डिनर’ पैकेज के तहत करीब 5000 रुपये प्रति प्लेट (टैक्स अतिरिक्त) का विशेष मेन्यू तैयार किया गया था। इस भव्य भोज में 52 तरह के व्यंजन परोसे गए, जिनमें वेलकम ड्रिंक्स, लाइव कुकिंग स्टेशन, वेज बिरयानी और प्रीमियम आइसक्रीम जैसी डिशेज शामिल थीं। खाने की विविधता और गुणवत्ता ने मेहमानों को खासा प्रभावित किया।
Lucknow, Uttar Pradesh: Cricketer Ravindra Jadeja and his wife Rivaba Jadeja attended the wedding reception of cricketer Kuldeep Yadav and Vanshika Chaddha at Hotel The Centrum pic.twitter.com/1vYBBWkaWp
— IANS (@ians_india) March 17, 2026
मसूरी में हुई थी शादी, अब लखनऊ में रिसेप्शन
गौरतलब है कि कुलदीप यादव ने 14 मार्च को उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में अपनी मंगेतर वंशिका सिंह के साथ सात फेरे लिए थे। यह पारिवारिक समारोह ‘वेलकमहोटल द सवॉय’ में आयोजित किया गया था, जिसमें करीबी रिश्तेदार और कुछ क्रिकेट हस्तियां शामिल हुई थीं। अब लखनऊ में आयोजित इस भव्य रिसेप्शन के जरिए उन्होंने अपने दोस्तों, सहयोगियों और अन्य खास मेहमानों के साथ इस खुशी को साझा किया।
टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद नई पारी की शुरुआत
कुलदीप यादव हाल ही में टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया था। इस ऐतिहासिक जीत के कुछ ही दिनों बाद कुलदीप ने अपनी निजी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत की है, जिससे यह समय उनके लिए और भी खास बन गया है।
Next Story


