इंटरनेशनल : ब्रेक के बाद ला लीगा की 9 अक्टूबर से होगी शुरुआत
मैड्रिड, लंबे इंटरनेशनल ब्रेक के बाद स्पेन की मशहूर फुटबॉल लीग ला लीगा लीग शुक्रवार से फिर शुरू हो रही है। हालांकि, कई क्लब अपने खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि वे पिछले लगभग तीन हफ्तों से अपनी राष्ट्रीय टीमों के लिए खेल रहे थे।

मैड्रिड, लंबे इंटरनेशनल ब्रेक के बाद स्पेन की मशहूर फुटबॉल लीग ला लीगा लीग शुक्रवार से फिर शुरू हो रही है। हालांकि, कई क्लब अपने खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि वे पिछले लगभग तीन हफ्तों से अपनी राष्ट्रीय टीमों के लिए खेल रहे थे। लगातार मैच खेलने की वजह से खिलाड़ियों के चोटिल होने और थकान का खतरा बढ़ गया है।
ला लीगा के इस राउंड की शुरुआत मालागा और एस्पेनयोल के मुकाबले से होगी। टॉप डिवीजन में वापसी करने वाली मालागा टीम अभी अपनी पहली जीत की तलाश में है। वहीं, एस्पेनयोल के लिए अच्छी खबर यह है कि घुटने की गंभीर चोट से उबरने के बाद फॉरवर्ड जावी पुआडो बेंच से वापसी कर सकते हैं।
दूसरी ओर, बार्सिलोना को गेटाफे के खिलाफ घरेलू मैच से पहले कुछ खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर चिंता सता रही है। ब्राजील की टीम से जुड़े राफिन्हा और स्पेन के खिलाड़ी एरिक गार्सिया इंटरनेशनल ड्यूटी के दौरान फिटनेस समस्याओं के कारण समय से पहले वापस लौटे थे। ऐसे में बार्सिलोना उनके मैच में खेलने को लेकर अंतिम फैसला मैच से पहले ही करेगा।
गोलकीपर जोन गार्सिया घुटने की चोट से उबरकर वापसी के करीब हैं, जिसके कारण उन्हें स्पेन की टीम से बाहर होना पड़ा था। वहीं, कोच हांसी फ्लिक को यह तय करना होगा कि क्या लैमिन यमल को शुरुआती लाइन-अप में रखा जाए, क्योंकि इस विंगर ने ब्रेक के दौरान स्पेन के सभी चार मैचों में हिस्सा लिया था।
'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, रियल मैड्रिड को विल्लारियल के खिलाफ अपने घरेलू मैच में किलियन एम्बाप्पे के बिना खेलना पड़ सकता है, क्योंकि घुटने की चोट फिर से उभरने के कारण फ्रांस के इस फॉरवर्ड ने इंटरनेशनल ड्यूटी से नाम वापस ले लिया था। विल्लारियल ने ब्रेक से पहले अपने आखिरी दो मैच जीते थे और उनके खिलाड़ियों ने कोच इनिगो पेरेज के हाई-इंटेंसिटी वाले तरीके को अपनाने के संकेत दिए थे।
दूसरे स्थान पर मौजूद एटलेटिको मैड्रिड की टीम अलावेस के मैदान पर खेलेगी, जिसके कोच एटलेटिको के पूर्व बॉस क्विके सांचेज फ्लोरेस हैं। एलेक्स ग्रिमाल्डो और पाब्लो बैरियोस की चोट को लेकर एटलेटिको को संदेह है, जबकि अलावेस विजिटिंग टीम को परेशान करने के लिए फॉरवर्ड लुकास बोये पर निर्भर रहेगा।
शनिवार को रायो वैलेकानो की वैलेकास स्टेडियम में वापसी होगी। रेनोवेशन के कारण मैड्रिड क्लब को अपने शुरुआती घरेलू मैच लेगानेस में खेलने पड़े थे। रायो एथलेटिक क्लब की मेजबानी करेगा, जो विंगर निको विलियम्स के बिना खेलेगा क्योंकि स्पेन के साथ इंटरनेशनल ड्यूटी के दौरान उन्हें मांसपेशियों में चोट लग गई थी।
रविवार को रेलीगेशन के खतरे से जूझ रही एल्चे अपने घरेलू मैदान पर सेल्टा विगो का सामना करेगी। एल्चे के लिए यह मुकाबला बेहद अहम होगा, क्योंकि टीम को अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए जीत की सख्त जरूरत है। वहीं, रियल सोसिदाद अपने घर में डेपोर्टिवो ला कोरुना की मेजबानी करेगा। डेपोर्टिवो ने टॉप डिवीजन में वापसी के बाद शानदार शुरुआत की थी, लेकिन टीम का प्रदर्शन हाल के सप्ताहों में कमजोर पड़ा है। लगातार तीन मैचों से जीत हासिल नहीं कर पाने के कारण उस पर दबाव बढ़ गया है और वह जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेगी।
तीसरे स्थान पर मौजूद रियल बेटिस घरेलू और चैंपियंस लीग मैचों के मुश्किल महीने की शुरुआत ओसासुना के खिलाफ घरेलू मैच से करेगा। रविवार के मैचों का समापन 'एल सार्डिनेरो' में होगा, जहां जेवियर एगुइरे, रेसिंग सैंटेंडर के खिलाफ वैलेंसिया के कोच के तौर पर अपना पहला मैच खेलेंगे।
एगुइरे को अपनी नई टीम के साथ काम करने के लिए लगभग तीन हफ्ते का समय मिला है, लेकिन उन्हें अर्नॉट डंजुमा, उमर सादिक, लुइस रियोजा और डिएगो लोपेज की चोटों की चिंता सता रही है, क्योंकि वह एक मजबूत और संगठित टीम तैयार करना चाहते हैं। इस राउंड का समापन सोमवार को लेवांते और सेविला के बीच होने वाले मैच के साथ होगा।


