Top
Begin typing your search above and press return to search.

भारतीय अंडर-19 टीम ने दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 10 विकेट से हराया

अहमदाबाद, भारत की अंडर-19 टीम ने दूसरे अनौपचारिक चार दिवसीय टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम को 10 विकेट से रौंदा। टीम की इस जीत के नायक तन्मय बलोदा रहे, जिन्होंने दूसरी पारी में 8 और मैच में कुल 14 विकेट अपने नाम किए।

भारतीय अंडर-19 टीम ने दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 10 विकेट से हराया
X

अहमदाबाद, भारत की अंडर-19 टीम ने दूसरे अनौपचारिक चार दिवसीय टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम को 10 विकेट से रौंदा। टीम की इस जीत के नायक तन्मय बलोदा रहे, जिन्होंने दूसरी पारी में 8 और मैच में कुल 14 विकेट अपने नाम किए।

नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में मिली जीत के साथ ही भारत ने सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया। सस्पेंड किए गए रोहित यादव की जगह टीम में शामिल किए गए बलोदा ने पहली पारी में 32 रन देकर 6 विकेट लिए थे और दूसरी पारी में 41 रन देकर 8 विकेट चटकाए, जिससे ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी दूसरी पारी में 151 रन पर ऑलआउट हो गई।

जीत के लिए मिले मामूली 11 रनों के लक्ष्य को भारत ने सिर्फ पांच गेंदों में हासिल कर लिया। लक्ष्य राईचंदानी ने स्पेंसर ग्रीन के पहले ओवर में दो चौके लगाकर सीरीज में क्लीन स्वीप किया। इससे पहले भारत ने राजकोट में पहला चार-दिवसीय अनौपचारिक टेस्ट मैच एक पारी और 48 रनों से जीता था। इससे पहले टीम ने वनडे सीरीज को भी 3-0 से अपने नाम किया था।

अपनी दूसरी पारी में 86/4 के स्कोर से आगे खेलते हुए और 55 रनों से पीछे चल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को मैच में बने रहने के लिए अच्छी वापसी की जरूरत थी। हालांकि, बलोदा ने दिन के शुरुआती चार ओवरों में ही जेड हॉलिक और चार्ली हेंडरसन को जल्दी-जल्दी आउट करके ऑस्ट्रेलिया को बड़े झटके दिए।

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रियांशु सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 25 रन देकर 2 विकेट लिए। उन्होंने दूसरे छोर से लगातार दबाव बनाए रखा और जैकब पीट्ज तथा थॉमस वासिओ को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल में डाल दिया। इसके बाद बलोदा ने पैट्रिक सुलिवन का विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई टीम को एक और झटका दिया। उन्होंने अंत में ऑस्ट्रेलिया की ओर से दूसरी पारी में सर्वाधिक 63 रन बनाने वाले ब्लेक कैटल को भी आउट किया। कैटल के विकेट के साथ ही ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 151 रन बनाकर ढेर हो गई।

इससे पहले मैच में, ऑस्ट्रेलिया अपनी पहली पारी में 73 ओवर में 174 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में भारत ने 315 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसमें कप्तान यशवर्धन चौहान (52) और विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिप्राय बिस्वास (73) की अर्धशतकीय पारियों का अहम योगदान रहा, जबकि ऑस्ट्रेलियाई लेग-स्पिनर स्पेंसर ग्रीन ने 110 रन देकर 7 विकेट लिए थे। पहली पारी के आधार पर भारतीय टीम ने 141 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की थी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it