Top
Begin typing your search above and press return to search.

निंगबो ओपन में हिस्सा नहीं लेंगी इगा स्वियातेक

नई दिल्ली, छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन इगा स्वियातेक ने निंगबो ओपन से अपना नाम वापस ले लिया है।

निंगबो ओपन में हिस्सा नहीं लेंगी इगा स्वियातेक
X

नई दिल्ली, छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन इगा स्वियातेक ने निंगबो ओपन से अपना नाम वापस ले लिया है। इसके साथ ही वह डब्ल्यूटीए फाइनल्स में पहुंचने की रेस से भी बाहर हो गई हैं।

स्वियातेक ने यह फैसला अपनी जांघ की चोट के कारण लिया है। उन्हें यह चोट वुहान ओपन के सेमीफाइनल में अपनी ही देश की खिलाड़ी माजा चवालिनस्का के खिलाफ खेलते समय लगी थी। इस फैसले के साथ ही पोलैंड की इस खिलाड़ी के लिए डब्ल्यूटीए फाइनल्स में सीधे क्वालीफाई करने की संभावनाएं खत्म हो गई हैं। अब उनके पास साल के अंत में होने वाले इस टूर्नामेंट में खेलने का एकमात्र तरीका यह है कि वह एक वैकल्पिक खिलाड़ी के तौर पर इसमें शामिल हों।

2023 की डब्ल्यूटीए फाइनल्स विजेता स्वियातेक, फिलहाल साल के अंत में होने वाले टूर्नामेंट की रेस में 9वें स्थान पर हैं। क्वालीफिकेशन के लिए अब केवल एक ही जगह बची है। स्वियातेक के साथ इस जगह के लिए चेक गणराज्य की कैरोलिना मुचोवा भी रेस में थीं, जो फिलहाल सातवें स्थान पर हैं।

निंगबो ओपन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के अनुसार, स्वियातेक ने कहा, "काफी सोच-विचार के बाद मैंने इस टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। पिछले कुछ हफ्तों से मुझे अपनी बाईं जांघ में लगातार परेशानी हो रही है। मुझे लगता है कि खुद को आराम देने और ठीक होने के लिए समय देना ही सही फैसला है।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं यहां खेलने के लिए बहुत उत्साहित थी। मैं टूर्नामेंट के आयोजकों और उन सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहती हूं जो मुझे खेलते हुए देखना चाहते थे। मुझे अगले साल फिर से यहां आने का बेसब्री से इंतजार रहेगा।" सेमीफाइनल में चवालिनस्का के खिलाफ 5-7, 1-6 से मिली हार के दौरान स्वियातेक काफी संघर्ष करती नजर आई थीं। पहले सेट में 5-3 से पीछे चल रहीं चवालिनस्का ने दो सेट प्वाइंट बचाए और फिर वापसी करते हुए स्कोर 5-5 से बराबर कर दिया था।

इसके बाद स्वियातेक ने अपने पैर के इलाज के लिए मेडिकल टाइमआउट लिया। इलाज के दौरान वह काफी भावुक भी नजर आईं। कोर्ट पर लौटने के बाद भी चोट का असर उन पर साफ दिख रहा था। चवालिनस्का ने इसका फायदा उठाया और पहला सेट अपने नाम कर लिया। इसके बाद उन्होंने दूसरे सेट में भी अपना दबदबा बनाए रखा और मैच जीत लिया।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it