Top
Begin typing your search above and press return to search.

कैच छूटने की हताशा, यूएई के खिलाड़ी को आईसीसी ने सुनाई सजा

दुबई, आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 मैच के दौरान रविवार को आचार संहिता तोड़ने पर यूएई के ऑलराउंडर बासिल हमीद को एक डिमेरिट प्वाइंट मिला है। आईसीसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में नीदरलैंड ने 3 विकेट से जीत हासिल की थी।

कैच छूटने की हताशा, यूएई के खिलाड़ी को आईसीसी ने सुनाई सजा
X

दुबई, आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 मैच के दौरान रविवार को आचार संहिता तोड़ने पर यूएई के ऑलराउंडर बासिल हमीद को एक डिमेरिट प्वाइंट मिला है। आईसीसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में नीदरलैंड ने 3 विकेट से जीत हासिल की थी।

नीदरलैंड की पारी के नौवें ओवर में बासिल की गेंदबाजी पर एक कैच छूट जाने के बाद, उन्होंने हताशा में अपशब्द कहे, जो सभी को सुनाई दिए। इस मुकाबले में बासिल हमीद ने 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 21 रन देने के बावजूद कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।

बासिल को खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बनी आईसीसी आचार संहिता के आर्टिकल 2.3 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान सुनाई देने वाली अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने से जुड़ा है। पिछले 24 महीनों में बासिल का यह पहला अपराध है और उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट जोड़ दिया गया है।

आईसीसी ने कहा, "बासिल ने अपना अपराध मानते हुए मैच रेफरी के आईसीसी इंटरनेशनल पैनल के फिल व्हिटिकेस द्वारा दी गई सजा को स्वीकार कर लिया, इसलिए किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। मैदानी अंपायर अकबर अली और वीरेंद्र शर्मा, तथा रिजर्व अंपायर शिजू सैम ने यह आरोप लगाया था।"

आईसीसी के नियमों के अनुसार, लेवल 1 के उल्लंघन पर कम से कम आधिकारिक चेतावनी दी जाती है, और अधिकतम सजा के तौर पर खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके साथ ही एक या दो डिमेरिट प्वाइंट भी दिए जा सकते हैं।

जब किसी खिलाड़ी के नाम 24 महीनों के भीतर चार या उससे अधिक डिमेरिट प्वाइंट हो जाते हैं, तो उन्हें 'सस्पेंशन प्वाइंट' में बदल दिया जाता है, जिसके परिणामस्वरूप खिलाड़ी पर प्रतिबंध लग जाता है। दो सस्पेंशन प्वाइंट का मतलब है कि खिलाड़ी को एक टेस्ट, दो वनडे या दो टी20 मैचों से प्रतिबंधित किया जा सकता है - इनमें जो भी पहले आए। डिमेरिट प्वाइंट खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में 24 महीनों तक बरकरार रहते हैं।

दुबई में खेले गए इस मुकाबले में यूएई ने कप्तान राहुल चोपड़ा (नाबाद 82) और आकाशदीप नाथ (68) की शानदार पारियों के दम पर 244/8 का स्कोर बनाया। इसके जवाब में नीदरलैंड ने मैक्स ओ'डॉउड (103) की शतकीय पारी के दम पर 43.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

यूएई अपने अगले मुकाबले में गुरुवार को ओमान का सामना करेगा। इसके बाद शनिवार को उसका सामना नीदरलैंड से होगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it