डब्ल्यूबीबीएल से बाहर हुईं तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन
नई दिल्ली, ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन पीठ में डिस्क की समस्या के कारण आगामी महिला बिग बैश लीग से बाहर हो गई हैं।

नई दिल्ली, ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन पीठ में डिस्क की समस्या के कारण आगामी महिला बिग बैश लीग से बाहर हो गई हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। ब्राउन हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए टीम के साथ भारत दौरे पर थीं, जहां उन्होंने दो टी20 और एक वनडे मैच खेला था।
भारत दौरे के दौरान ही 23 साल की इस खिलाड़ी की पीठ की पुरानी दिक्कत फिर उभर आई और उन्हें बीच दौरे से ही घर लौटना पड़ा। इस चोट के कारण वह बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह नहीं बना पाईं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने बयान में कहा, "पिछले महीने भारत से घर लौटने के बाद ब्राउन की जांच की गई थी, और कुछ समय तक डी-लोडिंग के बाद भी उनकी चोट इतनी ठीक नहीं हुई है कि वह ट्रेनिंग फिर से शुरू कर सकें। इस वजह से वह आने वाले डब्ल्यूबीबीएल सीजन के लिए समय पर पूरी तरह से फिट नहीं हो पाएंगी।"
ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट ब्राउन को लंबी अवधि के लिए संभालना चाहता है और जल्दबाजी में वापसी कराकर जोखिम नहीं लेना चाहता।
पिछले महीने नेशनल सिलेक्टर शॉन फ्लेगलर ने कहा था कि मेडिकल स्टाफ को उम्मीद है कि ब्राउन डब्ल्यूबीबीएल के दूसरे हाफ तक फिट होकर वापसी कर सकती हैं। एडिलेड स्ट्राइकर्स को भी उम्मीद थी कि वे टूर्नामेंट में वापसी करेगी, लेकिन अब उन उम्मीदों को अब झटका लगा है।
डार्सी ब्राउन के लिए पिछला एक साल मुश्किल भरा रहा है। वह टी20 वर्ल्ड कप की टीम से भी बाहर रहीं थीं। ऑस्ट्रेलियाई मैनेजमेंट का मानना था कि इंग्लैंड की धीमी पिचों पर उनकी तेज गेंदबाजी की ज्यादा जरूरत नहीं होगी। इस वजह से उन्हें बाहर रखा गया था।
ब्राउन ने बेहद कम उम्र में अपनी तेज रफ्तार से पहचान बनाई थी। 2021 में सिर्फ 18 साल की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाली डार्सी को ऑस्ट्रेलिया का भविष्य माना जाता है। लेकिन लगातार चोटों ने उनके करियर को प्रभावित किया है।
डब्ल्यूबीबीएल से बाहर हो चुकी ब्राउन को ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल टीम चैंपियंस ट्रॉफी के लिए फिट करने के कोशिश कर रही है।


