Top
Begin typing your search above and press return to search.

एशियन गेम्स 2026 : ओपनिंग सेरेमनी के बाद भावुक हुईं मनु भाकर

नागोया, डबल ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर ने एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में भारतीय दल की अगुवाई करते हुए झंडा थामने को एक भावुक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस खास मौके पर उन्हें अपने दिवंगत कोच और मेंटर जसपाल राणा की बहुत याद आई।

एशियन गेम्स 2026 : ओपनिंग सेरेमनी के बाद भावुक हुईं मनु भाकर
X

नागोया, डबल ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर ने एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में भारतीय दल की अगुवाई करते हुए झंडा थामने को एक भावुक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस खास मौके पर उन्हें अपने दिवंगत कोच और मेंटर जसपाल राणा की बहुत याद आई।

शनिवार को मिज़ुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में ओपनिंग सेरेमनी के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में भाकर ने 'आईएएनएस' से ​​कहा, "यह भावुक पल था। मुझे जसपाल राणा सर की बहुत याद आई।" नागोया में आधिकारिक तौर पर शुरू हुए एशियन गेम्स में भाकर ने कबड्डी स्टार पवन सहरावत के साथ भारतीय दल की अगुवाई की। दोनों ने एथलीटों की परेड के दौरान भारत का तिरंगा थामा, जो भारतीय दल के लिए एक यादगार पल था।

हालांकि, भाकर के लिए यह मौका राणा की यादें भी ताजा कर गया, जिन्होंने उनके करियर में अहम भूमिका निभाई थी और टोक्यो 2020 ओलंपिक की निराशा के बाद उन्हें अपनी फॉर्म वापस पाने में मदद की थी। मनु भाकर के कोच राणा, जिनका 11 जून, 2026 को 49 साल की उम्र में स्टेंट प्रक्रिया के बाद हुई दिक्कतों के कारण निधन हो गया था, उनके लिए सिर्फ एक मेंटर से कहीं बढ़कर थे। वे एक गाइड और दोस्त थे जिन्होंने खेल के उच्चतम स्तर पर उनकी वापसी में अहम भूमिका निभाई थी।

उनकी देखरेख में भाकर ने टोक्यो ओलंपिक के बाद अपना आत्मविश्वास फिर से हासिल किया और 2024 में हुए पेरिस ओलंपिक गेम्स में इतिहास रचते हुए दो ब्रॉन्ज मेडल जीते। राणा की मौत के बाद, भाकर ने सोशल मीडिया पर अपना दुख जाहिर किया था और इस नुकसान को कभी न हो पाने वाली भरपाई बताया था ट्रेनिंग कैंप के लिए देहरादून में रहने के दौरान उन्होंने राणा के घर और एकेडमी जाकर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी थी।

एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी मनु भाकर के लिए और भी खास थी, क्योंकि वह इस महाद्वीपीय इवेंट के अपने तीसरे संस्करण में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने पहली बार जकार्ता और पालेमबांग में एशियन गेम्स 2018 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जब वह सिर्फ 16 साल की थीं। भारत की अनुभवी निशानेबाज 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में भी खेली थीं, जहां वह भारत की स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला 25 मीटर पिस्टल टीम का हिस्सा थीं।

इसी बीच, नागोया के मिज़ुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह के साथ 20वें एशियन गेम्स की औपचारिक शुरुआत हो गई। जापान के सम्राट नारुहितो ने आधिकारिक तौर पर इस महाद्वीपीय खेल आयोजन का उद्घाटन किया। शुरुआत में मनु भाकर को भारत की महिला ध्वजवाहक और शॉट पुटर तेजिंदरपाल सिंह तूर को पुरुष ध्वजवाहक के तौर पर चुना गया था। हालांकि, तकनीकी कारणों से तेजिंदरपाल समारोह में शामिल नहीं हो सके और उनकी जगह सहरावत ने यह जिम्मेदारी संभाली।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it