Top
Begin typing your search above and press return to search.

'नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरेंगे', नई जिम्मेदारी मिलने के बाद भाजपा नेताओं का संकल्प

भाजपा की नई टीम में जिम्मेदारी मिलने के बाद राष्ट्रीय महासचिव गजेंद्र पटेल, राष्ट्रीय सचिव संगीता यादव और रोहन गुप्ता ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया है

नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरेंगे, नई जिम्मेदारी मिलने के बाद भाजपा नेताओं का संकल्प
X

जयपुर। भाजपा की नई टीम में जिम्मेदारी मिलने के बाद राष्ट्रीय महासचिव गजेंद्र पटेल, राष्ट्रीय सचिव संगीता यादव और रोहन गुप्ता ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया है। तीनों नेताओं ने कहा कि संगठन ने जिस भरोसे के साथ उन्हें नई जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी मेहनत करेंगे। नेताओं ने संगठन के विस्तार, विकसित भारत के लक्ष्य और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर भी अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद गजेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संगठन में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है और अब उनकी प्राथमिकता नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरते हुए पार्टी के विस्तार के लिए काम करना होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा देश के करीब 70 प्रतिशत हिस्से में सरकार में है और यह संगठन की ताकत के आधार पर संभव हुआ है। भाजपा संगठन को मजबूत करके ही सत्ता के माध्यम से जनता की सेवा करने का रास्ता तैयार करती है।

उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ काम करने का नया तरीका और नई जिम्मेदारियां सामने आएंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे और संगठन की ताकत के आधार पर विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

भाजपा की राष्ट्रीय सचिव संगीता यादव ने भी नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उनके जैसे कार्यकर्ता पर भरोसा करते हुए बड़ी जिम्मेदारी दी है और वह इस विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगी। महिलाओं की भागीदारी और उनके लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ की। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद महिलाओं के लिए कई स्तरों पर काम हुआ है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के साथ-साथ राजनीति में आने की इच्छा रखने वाली महिलाओं को भी आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। महिला आरक्षण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे कदम महत्वपूर्ण हैं।

यादव ने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और विभिन्न राज्यों में भी सरकारें इस दिशा में काम कर रही हैं। उन्होंने राजस्थान में भी आगामी चुनावों को लेकर सकारात्मक माहौल की उम्मीद जताई।

रोहन गुप्ता ने नई जिम्मेदारी को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि कार्यकर्ता के रूप में अब उन्हें पहले से ज्यादा मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व के विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत से काम करना होगा।

गुप्ता ने कहा कि आज देश के ज्यादातर राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, ऐसे में जनता की अपेक्षाएं भी भाजपा से ज्यादा हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के सामने चुनौती यह है कि सरकार के काम और भाजपा का विजन जन-जन तक पहुंचे और जनता की अपेक्षाएं भी सरकार तक प्रभावी तरीके से पहुंचाई जा सकें। उनकी कोशिश रहेगी कि जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझकर उन्हें सरकार और संगठन के स्तर पर आगे बढ़ाया जाए। नई टीम को संतुलित बताते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व और ऊर्जा को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संगठन के सभी पदाधिकारियों की है। उन्होंने बताया कि जल्द ही दिल्ली में बैठक होने वाली है, जिसमें आने वाले दिनों की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। बैठक में यह तय किया जाएगा कि संगठन किस लक्ष्य के साथ आगे बढ़ेगा और पार्टी की नीतियों, सरकार के काम और विजन को किस तरह ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

गुप्ता ने कहा कि संगठन को यह भी तय करना होगा कि जनता के सामने कौन-कौन से प्रमुख मुद्दे हैं, किन समस्याओं का समाधान जरूरी है और किन क्षेत्रों में पार्टी तथा सरकार के काम में सुधार की गुंजाइश है। भाजपा की नई टीम मजबूत और संतुलित है और संगठन सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ेगा।

राजस्थान में आगामी निकाय और नगर परिषद चुनावों को लेकर भाजपा की तैयारियों पर भी रोहन गुप्ता ने प्रतिक्रिया दी। जयपुर में हुई बैठक और पार्टी की रणनीतिक चर्चा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी का भी उन्होंने उल्लेख किया। गुप्ता ने कहा कि बैठक के दौरान राजस्थान की जनता में भाजपा सरकार के काम को लेकर उत्साह देखने को मिला। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने अपने कई वादे पूरे किए हैं और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने की दिशा में काम किया है। अब चुनौती सरकार के काम को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने की है। पार्टी यह समझने की कोशिश करेगी कि अलग-अलग क्षेत्रों में जनता की क्या अपेक्षाएं हैं और उन्हें बेहतर तरीके से कैसे पूरा किया जा सकता है।

उन्होंने आगे कहा कि निकाय चुनावों में भाजपा संगठन बूथ और स्थानीय स्तर तक अपनी बात पहुंचाने पर जोर देगा। सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं और लोगों की अपेक्षाओं को समझना भी पार्टी की रणनीति का हिस्सा होगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it