Top
Begin typing your search above and press return to search.

आप सरकार ने नशा खत्म करने की समयसीमा छह बार बढ़ाई: सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पंजाब भाजपा की दूसरी 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि जो सरकार नशा खत्म करने के लिए लगातार नई समयसीमा देती रही हो, उससे नशा खत्म करने की उम्मीद नहीं की जा सकती।

आप सरकार ने नशा खत्म करने की समयसीमा छह बार बढ़ाई: सीएम रेखा गुप्ता
X

फतेहगढ़ साहिब (पंजाब। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को पंजाब भाजपा की दूसरी 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि जो सरकार नशा खत्म करने के लिए लगातार नई समयसीमा देती रही हो, उससे नशा खत्म करने की उम्मीद नहीं की जा सकती। उनका इशारा पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की ओर था।

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "जब भगवंत मान पंजाब में सत्ता में आए थे, तब उन्होंने तीन महीने के भीतर राज्य से नशा खत्म करने का वादा किया था। समयसीमा पहले तीन महीने और फिर चार महीने बढ़ाई गई और अब इसे छह बार बढ़ाया जा चुका है। जो सरकार बार-बार नई समयसीमा देती है, उससे नशा खत्म करने की उम्मीद नहीं की जा सकती।"

उन्होंने कहा कि 13 दिनों की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' पंजाब को आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार से मुक्त कराने का अभियान बनेगी।

यात्रा शुरू होने से पहले रेखा गुप्ता ने उस पवित्र धरती पर स्थित एक ऐतिहासिक गुरुद्वारे में मत्था टेका, जहां गुरु गोबिंद सिंह के छोटे साहिबजादों की शहादत हुई थी।

इसके बाद उन्होंने अनाज मंडी से यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, प्रदेश पार्टी प्रभारी सतीश पूनिया और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल मौजूद रहे।

जनसभा को संबोधित करते हुए दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि वह आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को 'बेनकाब' करने के लिए दिल्ली से आई हैं। उन्होंने केजरीवाल को पंजाब का 'सुपर सीएम' बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल और उनकी 'बटालियन' ने पहले दिल्ली के पैसे के जरिए पंजाब पर कब्जा किया और अब वे पंजाबियों की मेहनत की कमाई को अपने राजनीतिक हितों के लिए दूसरे राज्यों में खर्च कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली में अपने लिए 'शीश महल' बनवाया और दिल्ली की सत्ता से हटने के बाद अब वह पंजाब में 'शीश महल-2' में रह रहे हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने सवाल किया कि केजरीवाल किस हैसियत से पंजाब में रह रहे हैं और उन्हें निजी विमानों में यात्रा करने का अधिकार किसने दिया है।

उन्होंने कहा कि पहले पंजाब के लोगों को तथाकथित दिल्ली मॉडल के नाम पर गुमराह किया गया और इसके बाद पंजाब को कर्ज में और अधिक डुबो दिया गया।

राज्य पर पांच लाख करोड़ रुपए के कर्ज का जिक्र करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि इसे कौन चुकाएगा? उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग केजरीवाल को बाहर निकाल देंगे। रेखा गुप्ता ने कहा कि जब पंजाब में बाढ़ आई तो केजरीवाल वापस दिल्ली भाग गए।

उन्होंने कहा कि जब भी पंजाब पर कोई संकट आता है तो मुख्यमंत्री भगवंत मान 'शराब के नशे में रहते हैं।'

उन्होंने कहा कि दिल्ली में राजनीतिक झटके लगने के बाद केजरीवाल ने अपना राजनीतिक ध्यान पंजाब पर केंद्रित कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप नेतृत्व सरकारी संसाधनों का गलत इस्तेमाल कर रहा है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा, "जो लोग दिल्ली में कुशासन के लिए जिम्मेदार थे, वे अब पंजाब में बैठे हैं और पिछले पांच वर्षों से राज्य का शोषण कर रहे हैं।"

आतंकवाद और अन्य सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पंजाब के लोग अकेले नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सामूहिक कार्रवाई का आह्वान है।

उन्होंने कहा, "यह यात्रा केवल एक यात्रा नहीं है। यह पंजाब को नशे, अपराध और डर से मुक्त कराने के आंदोलन की शुरुआत है।"


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it