Top
Begin typing your search above and press return to search.

दिल्ली-एनसीआर में ठंड ने दी दस्तक

नई दिल्ली, राजधानी दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने अचानक करवट लेनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों तक दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है

दिल्ली-एनसीआर में ठंड ने दी दस्तक
X

नई दिल्ली, राजधानी दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने अचानक करवट लेनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों तक दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही तापमान में आ रही गिरावट के चलते लोगों को सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगा है।

वहीं, दूसरी ओर हवा की गुणवत्ता एक बार फिर से लाल निशान को पार कर चुकी है, जिससे सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान और तापमान का हाल मौसम विभाग की ओर से जारी स्थानीय मौसम रिपोर्ट के अनुसार, 28 अक्टूबर को दिल्ली का मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा, लेकिन दोपहर या शाम के समय आसमान में आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की संभावना है।

मौसम में असली बदलाव 29 अक्टूबर से देखने को मिलेगा। इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी, जहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसी तरह, 30 अक्टूबर को भी गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी और तापमान 26 डिग्री (अधिकतम) और 18 डिग्री (न्यूनतम) के आसपास रहेगा।

31 अक्टूबर को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और तापमान 28 डिग्री से 19 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं, 1 नवंबर और 2 नवंबर को भी आसमान साफ से लेकर आंशिक बादलों वाला रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।

मौसम में बदलाव का असर हवा की गुणवत्ता पर भी साफ तौर पर देखा जा सकता है। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक फिर से बढ़कर 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में हवा जहरीली हो चुकी है। दिल्ली के पटपड़गंज में एक्यूआई सबसे अधिक 291 दर्ज किया गया, जबकि सिरीफोर्ट में 290, आर के पुरम में 284, पूसा में 285, रोहिणी में 279, ओखला फेज-2 में 272, पंजाबी बाग में 270 और शादीपुर में 258 एक्यूआई दर्ज किया गया।

वहीं, नोएडा की बात करें तो सेक्टर-62 में एक्यूआई 314 के साथ 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गया है, जो चिंता का विषय है। इसके अलावा सेक्टर-150 में 266, सेक्टर-110 में 262, सेक्टर-39 में 261, सेक्टर-1 में 225 और सेक्टर-125 में 196 एक्यूआई दर्ज किया गया। गाजियाबाद में भी हालात खराब हैं, जहां वसुंधरा में एक्यूआई 258, इंदिरापुरम में 217, लोनी में 209 और संजय नगर में 188 दर्ज किया गया।

विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश होने से प्रदूषण के कण हवा में नीचे बैठ सकते हैं, जिससे कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है, लेकिन बारिश के बाद नमी बढ़ने से प्रदूषण और अधिक गाढ़ा हो सकता है। ऐसे में खासकर बुजुर्गों, बच्चों और अस्थमा तथा सांस की बीमारियों से ग्रसित लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it