ब्रिक्स सम्मेलन में व्यापार और तकनीक को मिलेगी नई गति: प्रवीण खंडेलवाल
नई दिल्ली, दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण अवसर बताया।

नई दिल्ली, दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रही यह बैठक भारत के व्यापार, उद्योग, अर्थव्यवस्था, तकनीक और डिजिटलाइजेशन को नई गति देने वाली साबित हो सकती है। उनके मुताबिक, दुनिया के अलग-अलग देशों के नेताओं के साथ होने वाली बातचीत से भारत को वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति और मजबूत करने का मौका मिलेगा।
प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि ब्रिक्स समिट में दुनियाभर से आने वाले नेताओं के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें व्यापार और उद्योग से लेकर तकनीक और डिजिटल क्षेत्र तक के विषय शामिल हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत जिस तेजी से इन क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है, दूसरे देशों के साथ सहयोग से उसकी रफ्तार और बढ़ सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्लोबल मार्केट में भारत की भूमिका को मजबूत करने के साथ 'मेड इन इंडिया, मेड फॉर द वर्ल्ड' जैसी पहल को भी इससे बढ़ावा मिल सकता है।
भाजपा सांसद ने ब्रिक्स सम्मेलन को वैश्विक राजनीति के लिहाज से भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि लंबे अंतराल के बाद ऐसा अवसर आया है, जब रूस और चीन के राष्ट्राध्यक्ष समेत कई अन्य देशों के नेता भारत में मौजूद होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इन नेताओं के साथ होने वाली बातचीत को उन्होंने सकारात्मक बताया और उम्मीद जताई कि इन चर्चाओं के ठोस परिणाम सामने आएंगे।
खंडेलवाल ने दावा किया कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से भारत की वैश्विक स्थिति और मजबूत होगी। उनका कहना है कि बदलती विश्व व्यवस्था में भारत की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है और इस तरह के अंतरराष्ट्रीय मंच देश को एक मजबूत राष्ट्र के तौर पर अपनी स्थिति और बेहतर करने का अवसर देते हैं।
वहीं, ब्रिक्स समिट को लेकर विपक्ष की ओर से की जा रही बयानबाजी पर भी प्रवीण खंडेलवाल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत जिस तेजी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है, उसे विपक्ष स्वीकार नहीं कर पा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर हर मुद्दे को विवाद का विषय बनाने का आरोप लगाते हुए तंज कसा कि विपक्ष के लोग 'नाराज फूफा' की तरह व्यवहार कर रहे हैं।
वहीं, आम आदमी पार्टी के बारे में भाजपा राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की 'एक्स-गर्लफ्रेंड' वाली टिप्पणी पर बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा के बारे में जिस तरह की बेमतलब की बातें कर रहे हैं, मुझे लगता है कि उसी वजह से राघव चड्ढा को ऐसी व्यंग्यात्मक टिप्पणी करनी पड़ी।
दरअसल, राघव चड्ढा ने कटाक्ष करते हुए कहा था कि बॉयफ्रेंड यानी वह खुद जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी अब भी 'एक्स-गर्लफ्रेंड' की तरह उनके प्यार में पागल है। उन्होंने यह भी व्यंग्य किया कि कहीं दिल टूटने के बाद पार्टी उनकी याद में अपनी 'नस न काट ले।'


