Top
Begin typing your search above and press return to search.

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन पर प्रधानमंत्री मोदी को दी बधाई: राजनाथ सिंह

नई दिल्ली, नई दिल्ली में आयोजित ऐतिहासिक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल समापन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन पर प्रधानमंत्री मोदी को दी बधाई:  राजनाथ सिंह
X

नई दिल्ली, नई दिल्ली में आयोजित ऐतिहासिक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल समापन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने ब्रिक्स की अध्यक्षता के दौरान नवाचार, सहयोग और स्थिरता को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं के रूप में सामने रखा। राजनाथ सिंह ने इस संबंध में अपने विचार साझा करते हुए कहा कि इन प्राथमिकताओं के तहत भारत ने ब्रिक्स सहयोग को सीधे आम लोगों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि समावेशी और जन-केंद्रित दृष्टिकोण नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की प्रमुख पहचान बना। भारत ने यह संदेश दिया कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग का लाभ केवल सरकारों तक सीमित न रहकर आम लोगों तक भी पहुंचना चाहिए। रक्षा मंत्री ने ब्रिक्स 2026 नई दिल्ली घोषणा पर हस्ताक्षर को भी बड़ी उपलब्धि बताया है। सोमवार को इस विषय पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक दस्तावेज नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव का स्पष्ट संदेश है।

उनके अनुसार, इस घोषणा ने साझा सहमति और सहयोग के लिए भारत की भूमिका को और मजबूत किया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने ग्लोबल साउथ को हाशिये पर रखने के बजाय उसे केंद्र में रखा है। भारत एक अधिक समावेशी, प्रतिनिधित्वपूर्ण और संतुलित वैश्विक व्यवस्था की वकालत कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ की आवाज को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उचित महत्व देना भारत की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है।

उन्होंने भारत की सभ्यतागत सोच ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का भी उल्लेख किया। इस का उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत ने एक बार फिर दिखाया है कि नेतृत्व का मतलब सबसे ऊंची आवाज में बोलना नहीं, बल्कि सबसे मजबूत सहमति तैयार करना है। उन्होंने कहा कि जब भारत नेतृत्व करता है, तो दुनिया उसकी बात सुनती है।

राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि इस सम्मेलन ने वैश्विक मंच पर एक अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने इसे भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका और प्रभाव का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it