Top
Begin typing your search above and press return to search.

निजी स्कूल के गेट पर बदमाशों ने चलाई गोली: बिहार

मुजफ्फरपुर, बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने रविवार की सुबह एक निजी स्कूल को निशाना बनाकर करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग की।

निजी स्कूल के गेट पर बदमाशों ने चलाई गोली: बिहार
X

मुजफ्फरपुर, बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने रविवार की सुबह एक निजी स्कूल को निशाना बनाकर करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग की। बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने स्कूल के मुख्य द्वार और आसपास ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर इलाके में दहशत फैला दी।

वारदात के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना कांटी थाना क्षेत्र की है। अपराधियों ने फायरिंग से पहले स्कूल के मुख्य गेट पर धमकी भरा एक पर्चा भी चस्पाया। इसमें स्कूल प्रशासन से 50 लाख रुपए की रंगदारी की मांग की गई है। पर्चे में मांग पूरी नहीं होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।

घटना के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश स्कूल के पास पहुंचे। दोनों ने पहले मुख्य गेट पर रंगदारी मांगने वाला पर्चा चिपकाया। इसके बाद स्कूल के चोरो ओर घूमकर गोलियां चलाईं। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए।

हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी और कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान जमीन से कई खोखे बरामद किए। स्कूल की बाउंड्री वॉल, दीवार और मुख्य गेट पर गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई है।

पुलिस ने स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू कर दी है। फुटेज में हेलमेट पहने दो बाइक सवार युवक नजर आए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों संदिग्ध घटना को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए। अपराधियों के आने और भागने वाले संभावित रास्तों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। रंगदारी की मांग के अलावा स्कूल की जमीन से जुड़े संभावित विवाद और अन्य सभी पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

पुलिस संदिग्धों की पहचान में जुटी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अपराधियों ने स्कूल को ही निशाना क्यों बनाया और रंगदारी की मांग के पीछे कौन लोग हैं। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और आसपास के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it