गुजरात में यूसीसी को राष्ट्रपति की मंजूरी स्वागत योग्य, पूरे देश में लागू हो: वीएचपी प्रवक्ता श्रीराज नायर
विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीराज नायर ने गुजरात में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मंजूरी मिलने का स्वागत किया

मुंबई। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीराज नायर ने गुजरात में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मंजूरी मिलने का स्वागत किया। इसके साथ ही, उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर और मुंबई के शिवाजी पार्क में विपक्षी दलों के प्रदर्शन, चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर लगाए जा रहे आरोपों और भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉल पर हुई बातचीत पर भी प्रतिक्रिया दी।
श्रीराज नायर ने गुजरात में यूसीसी को राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने को स्वागत योग्य कदम बताया। उन्होंने कहा कि अब गुजरात में यूसीसी लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। समान नागरिक संहिता से अलग-अलग समुदायों के लिए अलग कानूनी व्यवस्था की जगह समान कानून की व्यवस्था मजबूत होगी और महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि एक ही राज्य में रहने वाले नागरिकों के लिए अलग-अलग कानून नहीं होने चाहिए। नायर ने समान कानून की जरूरत बताते हुए कहा कि विश्व हिंदू परिषद की मांग है कि यूसीसी केवल गुजरात तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे देश में लागू किया जाए।
चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर श्रीराज नायर ने कहा कि चुनाव में हार के बाद विपक्ष को अंपायर को दोष देने की बजाय अपनी कार्यशैली पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के लंबे समय से कई राज्यों में सत्ता से बाहर रहने का जिक्र करते हुए कहा कि एसआईआर को चुनावी हार का कारण बताना उचित नहीं है।
उन्होंने एसआईआर का समर्थन करते हुए कहा कि मतदाता सूची को लेकर चल रही प्रक्रिया का उद्देश्य सूची को व्यवस्थित करना है। नायर ने विपक्ष पर सरकार और चुनावी प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल खड़े करने का आरोप लगाया और कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनी हुई सरकार का सम्मान होना चाहिए।
दिल्ली के जंतर-मंतर और मुंबई के शिवाजी पार्क में हुए विरोध-प्रदर्शन पर वीएचपी प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से और कानून के दायरे में रहकर विरोध करना नागरिकों का अधिकार है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग प्रदर्शन के नाम पर एकतरफा और सरकार विरोधी माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। विरोध दर्ज कराने का भी एक लोकतांत्रिक तरीका होता है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों के प्रदर्शन को पूरे समाज या विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधित्व के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
कैप्टन स्मित मच्छार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉल पर हुई बातचीत पर श्रीराज नायर ने उनकी बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित ने कठिन परिस्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। कैप्टन स्मित मच्छार ने जिस तरह से विमान में मौजूद यात्रियों की जान बचाने में भूमिका निभाई, वह सराहनीय है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उनसे बातचीत किए जाने का जिक्र करते हुए नायर ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद कैप्टन स्मित मच्छर और उनके परिवार को शुभकामनाएं देती है।
श्रीराज नायर ने आगे कहा कि इस घटना में पायलट की बहादुरी को सभी को सम्मान देना चाहिए और कठिन परिस्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए गए उनके प्रयासों की सराहना की जानी चाहिए।


