Top
Begin typing your search above and press return to search.

गरबा पंडालों में केवल हिंदुओं को मिले प्रवेश : विहिप प्रवक्ता श्रीराज नायर

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीराज नायर ने गरबा आयोजनों में प्रवेश को लेकर कहा है कि गरबा पंडालों में केवल हिंदू धर्म को मानने वाले लोगों को ही प्रवेश दिया जाना चाहिए

गरबा पंडालों में केवल हिंदुओं को मिले प्रवेश : विहिप प्रवक्ता श्रीराज नायर
X

मुंबई। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीराज नायर ने गरबा आयोजनों में प्रवेश को लेकर कहा है कि गरबा पंडालों में केवल हिंदू धर्म को मानने वाले लोगों को ही प्रवेश दिया जाना चाहिए। उन्होंने आयोजकों से प्रवेश के समय पहचान की जांच करने की अपील की और तिलक तथा कलावा को लेकर भी अपनी बात रखी।

श्रीराज नायर ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद का स्पष्ट मानना है कि गरबा धार्मिक आयोजन है और इसमें हिंदू धर्म को मानने वाले लोगों को ही प्रवेश मिलना चाहिए। गैर-हिंदुओं के हिंदू देवी-देवताओं में आस्था रखने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को पहले हिंदू धर्म स्वीकार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि गरबा आयोजकों से इस संबंध में अपील की गई है और उन्हें पत्र भी भेजे जाएंगे। नायर के मुताबिक, विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता आयोजनों पर नजर रखेंगे।

किसी व्यक्ति के जबरन या पहचान छिपाकर गरबा पंडाल में प्रवेश करने की स्थिति को लेकर उन्होंने कहा कि सबसे पहले पुलिस की मदद ली जानी चाहिए और कानून का पालन किया जाना चाहिए।

उन्होंने जबरन प्रवेश की स्थिति में बजरंग दल स्टाइल में जवाब दिए जाने की चेतावनी भी दी। हालांकि उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से ऐसे मामलों में पहले पुलिस से संपर्क करने की बात कही।

गरबा पंडालों में लोगों की पहचान करने के सवाल पर नायर ने कहा कि पिछले साल भी कई आयोजनों में पहचान पत्र की जांच, तिलक और कलावा जैसी व्यवस्थाएं अपनाई गई थीं। उन्होंने दावा किया कि इक्का-दुक्का घटनाओं को छोड़कर गरबा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित हुए थे।

उन्होंने कहा कि इस बार भी गरबा आयोजक पहचान की जांच करने के बाद ही लोगों को प्रवेश दें। इसके अलावा उन्होंने आयोजनों में तिलक और कलावा को अनिवार्य किए जाने तथा वराह भगवान के कटआउट लगाए जाने की भी अपील की।

नायर ने कहा कि इन व्यवस्थाओं को लागू करने के लिए आयोजकों से संपर्क किया जाएगा और विहिप की ओर से उन्हें अपनी मांगों से अवगत कराया जाएगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it