Top
Begin typing your search above and press return to search.

भाई जगताप ने महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल, फुल-टाइम गृहमंत्री नियुक्त करने की मांग

महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस के एमएलसी भाई जगताप ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा। उन्होंने मुंबई में हाल के दिनों में मशहूर हस्तियों से जुड़ी घटनाओं और मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिलने का मुद्दा उठाते हुए राज्य में पूर्णकालिक गृहमंत्री नियुक्त करने की मांग की

भाई जगताप ने महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल, फुल-टाइम गृहमंत्री नियुक्त करने की मांग
X

मुंबई। महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस के एमएलसी भाई जगताप ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा। उन्होंने मुंबई में हाल के दिनों में मशहूर हस्तियों से जुड़ी घटनाओं और मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिलने का मुद्दा उठाते हुए राज्य में पूर्णकालिक गृहमंत्री नियुक्त करने की मांग की। भाई जगताप ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है और आपराधिक तत्व खुलेआम धमकियां दे रहे हैं।

भाई जगताप ने कहा कि महाराष्ट्र को फुल-टाइम गृहमंत्री की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह पहले भी यह मांग उठा चुके हैं और एक बार फिर सरकार से इस दिशा में तत्काल कदम उठाने की अपील कर रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास गृह मंत्रालय का प्रभार भी है, लेकिन मुख्यमंत्री को पूरे महाराष्ट्र का कामकाज देखना होता है। ऐसे में राज्य में कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने के लिए पूर्णकालिक गृहमंत्री होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी किसी अन्य व्यक्ति को सौंप देनी चाहिए और इस प्रभार से इस्तीफा देना चाहिए। मुंबई और महाराष्ट्र में जिस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, वे गंभीर चिंता का विषय हैं।

भाई जगताप ने टाइगर श्रॉफ और रोहित शेट्टी से जुड़ी हालिया घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को कथित तौर पर बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिलने का मामला भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि मुंबई और महाराष्ट्र में आखिर यह सब क्या हो रहा है। आपराधिक तत्व खुलेआम मीडिया के सामने तरह-तरह की धमकियां दे रहे हैं, जबकि पहले महाराष्ट्र में ऐसी स्थिति नहीं थी। इन घटनाओं की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि सरकार को कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।

कांग्रेस एमएलसी ने पिछली सरकारों का हवाला देते हुए दावा किया कि उनके कार्यकाल में गृह मंत्रालय ने आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। कांग्रेस की सरकार के दौरान भी ऐसी गतिविधियों पर नियंत्रण पाने के लिए कदम उठाए गए थे। मौजूदा हालात में महाराष्ट्र सरकार को कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से गृह मंत्रालय के लिए पूर्णकालिक जिम्मेदारी तय करने और मुंबई समेत पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it