Top
Begin typing your search above and press return to search.

नेमरा से शुरू हुई जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों की भर्ती सुधार यात्रा, 24 जिलों में उठेगी पारदर्शी सिस्टम की मांग

झारखंड में 'जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच' की भर्ती सुधार यात्रा शुरू हुई। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने शिबू सोरेन की मूर्ति पर फूल चढ़ाकर अभियान शुरू किया। यह यात्रा नेमरा से शुरू हुई और सभी 24 जिलों में जाएगी

नेमरा से शुरू हुई जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों की भर्ती सुधार यात्रा, 24 जिलों में उठेगी पारदर्शी सिस्टम की मांग
X

रामगढ़। झारखंड में 'जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच' की भर्ती सुधार यात्रा शुरू हुई। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने शिबू सोरेन की मूर्ति पर फूल चढ़ाकर अभियान शुरू किया। यह यात्रा नेमरा से शुरू हुई और सभी 24 जिलों में जाएगी। यह यात्रा भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी भर्ती सिस्टम की मांग के लिए आयोजित की जा रही है।

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा, "रस्मों के अनुसार, पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दिशोम गुरु शिबू सोरेन, झारखंड पितामह विनोद बाबू, झारखंड आंदोलन में शहीद हुए निर्मल महतो, भगवान बिरसा मुंडा, शहीद सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, शहीद नीलांबर-पीतांबर, शहीद शेख भिखारी समेत हमारे सभी वीर महापुरुषों का आशीर्वाद लेकर हम 24 जिलों की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा पर निकल रहे हैं। 24 जिला, 24 संकल्प, एक आवाज- भर्ती व्यवस्था में सुधार। ये हमारे लिए एक यात्रा नहीं, बल्कि एक संकल्प है, जो 26 सालों से झारखंड में सभी परीक्षाओं में गड़बड़ी, धांधली, सिफारिश, पेपर लीक, भ्रष्टाचार खत्म करना है।"

उन्होंने आगे कहा कि आपने हमारे आंदोलन को देखा है। सबने भूख हड़ताल और सत्याग्रह का आंदोलन देखा है। सरकार द्वारा 17 अगस्त को ऐतिहासिक फैसला लिया गया, जिसमें 45 परीक्षाओं को लेकर कार्रवाई हुई है, जोकि स्वागत योग्य है। हम चाहते हैं कि सरकार का जो निर्णय है, वो बना रहे। मामला कोर्ट में लंबित है। हम चाहते हैं कि सीआईडी को जो मामला दिया गया है, वो निष्पक्ष जांच करे और सरकार कोर्ट के सामने जांच रिपोर्ट को मजबूती से रखे और अपने निर्णय पर कायम रहे। आगामी अब एक भी परीक्षा में कोई धांधली न हो, इसकी गारंटी ली जाए।

भर्ती सुधार यात्रा पर प्रोटेस्ट कर रही एक छात्रा ने कहा, "हम लगातार इसकी लड़ाई लड़ रहे थे, और मुख्यमंत्री ने बहुत अच्छी घोषणा की थी। सभी कैंडिडेट बहुत खुश थे, लेकिन इसमें कुछ कैंडिडेट ऐसे भी थे, जो दुखी थे, जिनका अपॉइंटमेंट हो गया था, लेकिन मामला हाई कोर्ट में चला गया, रोक लग गई। इस बारे में फिर से जो दूसरे उम्मीदवार वहां थे, वे बहुत निराश हो गए हैं, इसलिए बस इतना कहना है कि सबको न्याय मिले।"

एक अन्य छात्र ने कहा, "नेमरा गांव से हमलोग जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के तहत 24 जिले का भ्रमण करेंगे। रामगढ़ और हजारीबाग होते हुए हमलोग 24 जिलों का भ्रमण करेंगे। छात्रों को हम बताएंगे कि आपकी आवाज को बुलंद करने के लिए भ्रमण कर रहे हैं। छात्रों को एकजुट करेंगे और जो अन्याय हमारे साथ हो रहा है, उसे लेकर सबको जागृत करेंगे।"


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it