कर्नाटक में जद (एस)-कांग्रेस गठबंधन सरकार गिरने के कगार पर
कर्नाटक में शनिवार को सत्तारूढ़ कांग्रेस-जनता दल (एस) गठबंधन के 14 विधायकों ने यह आरोप लगाते हुए विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया कि सरकार न ही लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरी

बेंगलुरु। कर्नाटक में शनिवार को सत्तारूढ़ कांग्रेस-जनता दल (एस) गठबंधन के 14 विधायकों ने यह आरोप लगाते हुए विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया कि सरकार न ही लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरी और न ही नेतृत्व ने निर्वाचित सदस्यों को विश्वास में लिया।
पूर्व जद (एस) प्रदेश अध्यक्ष एवं हुनसुर से विधायक ए एच विश्वनाथ ने राज भवन के बाहर संवाददाताओं से कहा, “यह (एच डी कुमारस्वामी) सरकार न ही लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरी और न ही निर्वाचित सदस्यों की भावनाओं का ख्याल रखा इसलिए हमने विधानसभा अध्यक्ष रमेश कुमार को अपना इस्तीफा भेज दिया है और अब हमने राज्यपाल वजूभाई वाला के समक्ष अपने विचार रखने के लिए उसने मुलाकात भी की है।”
अचानक हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम से राज्य की 13 महीने पुरानी गठबंधन सरकार गिर सकती है। कांग्रेस के रामालिंगा रेड्डी, एच टी सोमशेखर, रमेश जरकीहोली के अलावा बी सी पाटिल, सौम्या रेड्डी, मुनिरत्न जैसे ईमानदार विधायकों के साथ-साथ जद (एस) के विश्वनाथ, गोपालैया और नारायण गौड़ा ने अपना इस्तीफा भेजा है जिससे श्री कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार अल्पमत में आ सकती है।


