Top
Begin typing your search above and press return to search.

अमेरिका : व्हाइट हाउस बॉलरूम बनाने को सुप्रीम कोर्ट ने दी अस्थायी मंजूरी

वॉशिंगटन, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को (अमेरिकी समयानुसार) व्हाइट हाउस में नए बॉलरूम के निर्माण कार्य को फिलहाल जारी रखने की अनुमति दे दी।

अमेरिका : व्हाइट हाउस बॉलरूम बनाने को सुप्रीम कोर्ट ने दी अस्थायी मंजूरी
X

वॉशिंगटन, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को (अमेरिकी समयानुसार) व्हाइट हाउस में नए बॉलरूम के निर्माण कार्य को फिलहाल जारी रखने की अनुमति दे दी।

मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने एक अस्थायी रोक आदेश (स्टे) जारी किया, जिससे निचली अदालतों के उन फैसलों पर फिलहाल रोक लग गई जिनके तहत निर्माण कार्य बंद करना पड़ता। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने अभी इस परियोजना की वैधता पर कोई फैसला नहीं दिया है।

अदालती दस्तावेजों में ट्रंप प्रशासन ने बताया कि 14 अगस्त तक 40 करोड़ डॉलर की इस निजी फंडिंग वाले प्रोजेक्ट का लगभग 65 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था। दस्तावेजों के अनुसार, करीब 250 लोगों की टीम दिन में 20 घंटे, सप्ताह के सातों दिन इस परियोजना पर काम कर रही है।

समाचार एजेंसी स‍िन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला उस निर्णय के दो सप्ताह बाद आया है जिसमें वॉशिंगटन की एक फेडरल अपील्स कोर्ट ने सात अगस्त को कहा था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में नया बॉलरूम बनवाने का काम गैरकानूनी तरीके से कर रहे हैं।

अमेरिकी कोर्ट ऑफ अपील्स फॉर द डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया सर्किट ने अपने फैसले पर 14 दिनों की रोक लगाई थी ताकि प्रशासन को सुप्रीम कोर्ट में अपील करने का मौका मिल सके।

ऐतिहासिक विरासत संरक्षण के लिए काम करने वाली संस्था नेशनल ट्रस्ट फॉर हिस्टोरिक प्रिजर्वेशन के पक्ष में दिए गए फैसले में कहा गया था कि अक्टूबर 2025 में सिर्फ तीन दिनों के भीतर ट्रंप ने 'वादा की गई सलाह-मशविरा प्रक्रिया पूरी किए बिना और कांग्रेस की अनुमति लिए बिना' पूरे ईस्ट विंग को गिरा दिया था। इसका मकसद निजी धन से 90,000 वर्ग फुट का एक विशाल बॉलरूम बनाना था, जिस पर कांग्रेस की कोई निगरानी नहीं थी।

व्हाइट हाउस में बॉलरूम विस्तार की ट्रंप की योजना को व्हाइट हाउस और कांग्रेस में उनके कई सहयोगियों का समर्थन मिला है, लेकिन कांग्रेस के कुछ रिपब्लिकन लॉमेकर्स ने भी इस परियोजना को लेकर चिंता और आपत्ति जताई है।

इससे पहले जुलाई में ट्रंप ने कहा था कि व्हाइट हाउस का पुनर्निर्माण और नवीनीकरण उस व्यापक बदलाव का प्रतीक है जिसे वह अमेरिका के पुनरुत्थान के रूप में देखते हैं। उनका तर्क था कि देश की सबसे पहचान वाली इमारत में अमेरिका की ताकत, इतिहास और आत्मविश्वास झलकना चाहिए।

सात जुलाई को रोज गार्डन में दिए गए अपने संबोधन में ट्रंप ने व्हाइट हाउस के नवीनीकरण पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ संरक्षण का काम नहीं है, बल्कि देश के भविष्य को लेकर एक संदेश भी है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास ऐसी औपचारिक और भव्य सुविधाएं होनी चाहिए जो दुनिया की अन्य बड़ी शक्तियों के बराबर या उनसे बेहतर हों।

ट्रंप ने कहा, "मैं हाल ही में चीन के ग्रेट हॉल में गया था। वहां एक बहुत बड़ा बॉलरूम है। हम भी एक ऐसा बॉलरूम बनाने जा रहे हैं जो हर चीज से बेहतर होगा।"


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it