Top
Begin typing your search above and press return to search.

330 किलो बाल चोरी' ने उड़ाई पुलिस की नींद: बांग्लादेश

ढाका, बांग्लादेश में चोरों ने सोना-चांदी, नकदी, गहने या महंगे सामान पर हाथ साफ नहीं किया बल्कि इंसानों के 330 किलो बाल चोरी कर पुलिस को हैरान कर दिया।

330 किलो बाल चोरी ने उड़ाई पुलिस की नींद: बांग्लादेश
X

ढाका, बांग्लादेश में चोरों ने सोना-चांदी, नकदी, गहने या महंगे सामान पर हाथ साफ नहीं किया बल्कि इंसानों के 330 किलो बाल चोरी कर पुलिस को हैरान कर दिया। अधिकारी भी पहली नजर में हैरान रह जाए। इन चोरी के बालों की कीमत 1 करोड़ टका (बांग्लादेशी मुद्रा) बताई गई।

बांग्लादेश की न्यूज एजेंसी यूएनबी ने सोमवार को इसे रिपोर्ट किया। बताया कि मामला बांग्लादेश के चुआडांगा जिले के दमुरहुदा इलाके का है। पुलिस ने इस सनसनीखेज चोरी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैन चालक 47 वर्षीय मोहम्मद शाहिदुल इस्लाम और एक फैक्टरी मैनेजर 39 वर्षीय सनवार हुसैन संतु के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे कोशाघाटा इलाके में हथियारों से लैस 7-8 लोगों के एक समूह ने बाल से लदी एक वैन को रोक लिया। बदमाश वैन से 23 बोरे बाल उतारकर फरार हो गए।

इन बोरों में लगभग 330 किलो बाल थे। स्थानीय कारोबारियों के मुताबिक, चोरी किए गए बालों की बाजार कीमत एक करोड़ टका से अधिक है। यानी यहां चोरों के लिए बाल सिर्फ बाल नहीं, बल्कि करोड़ों की कीमत वाला कारोबार बन चुके हैं।

मामले में दिलचस्प बात यह है कि चोरी का माल किसी ब्यूटी पार्लर या दुकान से नहीं, बल्कि एक फैक्टरी से प्रोसेसिंग के लिए ले जाया जा रहा था। बांग्लादेश हेयर प्रोसेसिंग स्मॉल बिजनेस कोऑपरेटिव एसोसिएशन के अध्यक्ष अतियार रहमान टैगिदार के अनुसार, यह खेप करपसडांगा की एक फैक्टरी से भेजी जा रही थी और इसमें 22 कारोबारियों का माल शामिल था।

पुलिस ने आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर चोरी किए गए सभी 23 बोरे बरामद कर लिए हैं। हालांकि, वारदात में शामिल बाकी लोगों की तलाश जारी है। दमुरहुदा मॉडल पुलिस स्टेशन में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।

चुआडांगा के कारोबारियों ने इस घटना के बाद अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनके लिए सवाल सिर्फ चोरी हुए बालों की बरामदगी का नहीं, बल्कि इस बात का भी है कि आखिर करोड़ों के इस कारोबार को निशाना बनाने वाला गिरोह कितना बड़ा है और उसके तार कहां तक जुड़े हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it