Top
Begin typing your search above and press return to search.

सूर्यपथ तिरंगा ग्लोबल रिले’ का समापन 54 देशों से होकर गुजरा

नई दिल्ली, विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि पहली बार आयोजित ‘सूर्यपथ तिरंगा ग्लोबल रिले’ 54 देशों से होकर गुजरा।

सूर्यपथ तिरंगा ग्लोबल रिले’ का समापन 54 देशों से होकर गुजरा
X

नई दिल्ली, विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि पहली बार आयोजित ‘सूर्यपथ तिरंगा ग्लोबल रिले’ 54 देशों और कई टाइम जोन से होकर अपनी यात्रा पूरी करते हुए पूर्व में फिजी से पश्चिम में अमेरिका तक पहुंची और भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इसका समापन हुआ।

‘सूर्यपथ तिरंगा’ पहल को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित किया गया था।

विदेश मंत्रालय ने बताया, “फिजी में भारतीय उच्चायोग से शुरू हुई इस रिले में एक सूर्योदय से अगले सूर्योदय तक तिरंगे की भावना को आगे बढ़ाया गया। इसने दुनियाभर में भारतीय समुदाय और भारत के मित्रों को एक साथ जोड़ा। सैन फ्रांसिस्को में भारत के महावाणिज्य दूतावास द्वारा ध्वजारोहण के साथ रिले का समापन हुआ।”

मंत्रालय ने कहा कि इस रिले के जरिए ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी मनाया गया और भारत की राष्ट्रीय भावना तथा गौरव के प्रतीक के रूप में इसकी स्थायी विरासत को याद किया गया। रिले में प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों की जबरदस्त भागीदारी और प्रतिक्रिया देखने को मिली, जो तिरंगे के साथ उनके गहरे भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाती है।

कई देशों में भारतीय मिशनों ने सुबह सूर्योदय के समय तिरंगा फहराने के बाद एक्स पर पोस्ट के जरिए अगले देश को इस अभियान की जिम्मेदारी सौंपी।

फिजी स्थित भारतीय उच्चायोग ने एक्स पर कहा, “सूरज की पहली किरणों के साथ फिजी के सुवा में सबसे पहले भारतीय ध्वज फहराया गया। इसी के साथ वैश्विक तिरंगा रिले ‘सूर्यपथ तिरंगा’ की शुरुआत हुई। यह एक प्रतीकात्मक यात्रा है, जो भारत के स्वतंत्रता दिवस की भावना को दुनियाभर में पहुंचा रही है।”

स्पेन में भारतीय दूतावास में तिरंगा फहराया गया। दूतावास ने यात्रा को मोरक्को को सौंपते हुए कहा, “सूर्योदय के समय हमारे तट से तिरंगा फहराया गया। अब सूर्यपथ तिरंगा की इस ऐतिहासिक यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय दूतावास, मोरक्को की बारी है। भारतीय तिरंगे को एक सूर्योदय से अगले सूर्योदय तक आगे ले जाएं और भारतीयों को हर घर तिरंगा का उत्साह फैलाने के लिए प्रेरित करें।”

मोरक्को स्थित भारतीय दूतावास ने ध्वजारोहण के बाद यात्रा को आइसलैंड स्थित भारतीय दूतावास को सौंपा। इसके बाद यह रिले ब्राजील, सूरीनाम, गुयाना, अर्जेंटीना, त्रिनिदाद और टोबैगो तथा डोमिनिकन गणराज्य पहुंची।

डोमिनिकन गणराज्य स्थित भारतीय दूतावास ने यात्रा को न्यूयॉर्क स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास को सौंपा। इसके बाद यात्रा कोलंबिया, ओटावा, किंग्स्टन (जमैका), वाशिंगटन डीसी, लीमा (पेरू), टोरंटो, मैक्सिको और अंत में सैन फ्रांसिस्को पहुंची।

सैन फ्रांसिस्को स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने एक्स पर कहा, “अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास में तिरंगा गर्व से फहराए जाने के साथ सूर्यपथ तिरंगा का प्रेरणादायक समापन हुआ। पूर्व से पश्चिम की ओर उगते सूर्य का अनुसरण करते हुए ‘हर घर तिरंगा 2026’ के तहत पहली बार आयोजित इस वैश्विक रिले ने भारतीय मिशनों को 150 वर्ष के वंदे मातरम्, हमारी साझा विरासत और हमारे स्थायी राष्ट्रीय गौरव के सामूहिक उत्सव में एक साथ जोड़ा।”

कई भारतीय दूतावासों ने विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘भारत को जानिए क्विज’ के स्वतंत्रता दिवस विशेष संस्करण के शीर्ष स्कोर करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it