Top
Begin typing your search above and press return to search.

होर्मुज स्‍ट्रेट : बढ़ते तनाव को लेकर यूएन चिंतित

संयुक्त राष्ट्र, संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस होर्मुज स्‍ट्रेट को लेकर हाल में बढ़े तनाव को लेकर गहरी चिंता में हैं।

होर्मुज स्‍ट्रेट : बढ़ते तनाव को लेकर यूएन चिंतित
X

संयुक्त राष्ट्र, संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस होर्मुज स्‍ट्रेट को लेकर हाल में बढ़े तनाव को लेकर गहरी चिंता में हैं।

प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को कहा, "महासचिव पिछले कुछ दिनों में होर्मुज स्‍ट्रेट और उसके आसपास हालात के और बिगड़ने की खबरों से बेहद चिंतित हैं। इनमें कारोबारी जहाजों पर हुए हमले और समुद्री तथा ऊर्जा ढांचे के खिलाफ आगे और कार्रवाई की धमकियां शामिल हैं।"

उन्होंने कहा कि होर्मुज स्‍ट्रेट और उसके आसपास सभी देशों के जहाजों के आने-जाने के अधिकार और समुद्री आवाजाही की स्वतंत्रता को अंतरराष्ट्रीय कानून के मुताबिक पूरी तरह बहाल किया जाना चाहिए और उसका सम्मान किया जाना चाहिए।

दुजारिक ने कहा, "संयुक्त राष्ट्र महासचिव की उस अपील को दोहराता है जिसमें उन्होंने सभी पक्षों से अधिकतम संयम बरतने और ऐसे कदमों या बयानों से बचने को कहा था जो पहले से ही तनावपूर्ण स्थिति को और भड़का सकते हैं।"

उन्होंने चेतावनी दी कि हालात और बिगड़ने पर आम लोगों, क्षेत्रीय स्थिरता, अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के साथ-साथ वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, प्रवक्‍ता ने कहा क‍ि गुटेरेस ने सभी पक्षों से अपील की कि वे कूटनीतिक माध्यमों का पूरा इस्तेमाल करें और बातचीत के जरिए विवादों का समाधान निकालें। संयुक्त राष्ट्र सचिवालय तनाव कम करने और स्थायी समाधान निकालने के लिए किए जाने वाले सभी भरोसेमंद प्रयासों में सहयोग देने के लिए तैयार है।

इस बीच, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने मंगलवार को दावा किया कि उसने उसी दिन होर्मुज स्‍ट्रेट के प्रवेश क्षेत्र में अमेरिकी सेना की सबसे आधुनिक और स्मार्ट मानव रहित पनडुब्बियों में से एक को अपने कब्जे में ले लिया।

आईआरजीसी की आधिकारिक समाचार एजेंसी 'सेपाह न्यूज' पर जारी बयान में कहा गया कि इस मानव रहित पानी के भीतर चलने वाले वाहन को एक जटिल खुफिया और अभियान संबंधी कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया।

इस वाहन की पहचान 'डाइव-एलडी' के रूप में हुई है और इसमें दुनिया की सबसे आधुनिक पानी के नीचे चलने वाली तकनीक लगी हुई है। आईआरजीसी ने कहा कि इसकी तस्वीरें भी जल्द जारी की जाएंगी।

सेपाह न्यूज के अनुसार, आईआरजीसी ने मंगलवार को एक अलग बयान में यह भी दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने होर्मुज स्‍ट्रेट के ऊपर उड़ रहे एमक्‍यू-9 र‍िपीटर ड्रोन को मार गिराया है।

आईआरजीसी के इन दावों के बाद अमेरिकी सेना ने एक बयान जारी कर कहा कि उसका एक पानी के भीतर काम करने वाला ड्रोन क्षेत्रीय समुद्री इलाकों के सर्वेक्षण के दौरान एक दिन पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गया था, हालांकि अमेरिका ने यह नहीं बताया कि उस उपकरण को ईरान ने अपने कब्जे में लिया है या नहीं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it