Top
Begin typing your search above and press return to search.

मॉस्को ने यूक्रेन की चेतावनी को किया खारिज

मॉस्को, रूस ने हवाई क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर यूक्रेन की चेतावनी को खारिज कर दिया है।

मॉस्को ने यूक्रेन की चेतावनी को किया खारिज
X

मॉस्को, रूस ने हवाई क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर यूक्रेन की चेतावनी को खारिज कर दिया है। रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन का वह नोटिस तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करता है, जिसमें रूसी हवाई क्षेत्र को नागरिक विमानों के लिए असुरक्षित बताया गया था। इससे रूसी हवाई क्षेत्र का उपयोग करने वालों को गुमराह किया जा रहा है और इसकी कोई कानूनी वैधता नहीं है।

शुक्रवार (स्थानीय समय) को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी एक बयान में, विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया कि रूस ने यूक्रेन की उन लापरवाह आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है जो अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ हैं।

मंत्रालय की ओर से कहा गया कि यूक्रेनी पक्ष की टिप्पणियां नागरिक उड्डयन (सिविल एविएशन) के लिए सीधा खतरा पैदा करती हैं। सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, संबंधित रूसी अधिकारी इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन (आईसीएओ) के संपर्क में हैं और उन्होंने आईसीएओ के महासचिव को एक तत्काल अपील भेजी है।

मंत्रालय की ओर से कहा गया कि रूस नागरिक उड्डयन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंगलवार को, यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस को चेतावनी दी कि रूसी हवाई क्षेत्र 'पूरी तरह से असुरक्षित' होता जा रहा है, क्योंकि यूक्रेन मिसाइल और ड्रोन हमलों में 'बढ़ोतरी' का जवाब दे रहा है।

रूसी अधिकारियों की ओर से गुरुवार को जानकारी दी गई थी कि यूक्रेनी सेना ने बेलगोरोद और मास्को क्षेत्रों पर सैकड़ों ड्रोन और तोपखाने से हमले किए, जिसमें एक नागरिक की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए। बेलगोरोद के कार्यवाहक गवर्नर अलेक्जेंडर शुवायेव ने कहा कि पिछले 24 घंटों में इस क्षेत्र पर 178 हमले हुए, जिनमें तोपखाने की गोलाबारी और ड्रोन हमले शामिल थे, जिनसे एक व्यक्ति की मौत हो गई।

मास्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन की ओर से कहा गया कि रूसी वायु रक्षा प्रणालियों ने बुधवार सुबह से गुरुवार दोपहर के बीच मास्को क्षेत्र को निशाना बनाने वाले 548 ड्रोन को मार गिराया। क्षेत्रीय गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने कहा कि मास्को क्षेत्र के बोगोरोद्स्की जिले में एक संयंत्र में ड्रोन हमले से आग भी लग गई, और उन्होंने बताया कि आपातकालीन दल घटनास्थल पर काम कर रहे थे।

इस सप्ताह की शुरुआत में, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि यूक्रेन पर बातचीत रुक गई है। उन्होंने उन खबरों को भी 'बकवास' करार दिया जिनमें कहा गया था कि रूस स्टेट ड्यूमा चुनाव के बाद लामबंदी (मोबिलाइजेशन) का एक नया दौर शुरू करेगा।

रूसी राष्ट्रपति ने कहा था कि रूस ठोस आधार वाली बातचीत का समर्थन करता है और संघर्ष को समाप्त करने में व्यावहारिक योगदान देने वाले किसी भी प्रयास का स्वागत करेगा। पुतिन ने कहा था कि रूस को यूक्रेन और पूरे यूरोप में स्थायी और व्यापक शांति हासिल करने की उम्मीद है, और उन्होंने कहा कि मास्को बातचीत में शामिल होने के इच्छुक किसी भी व्यक्ति के साथ बातचीत करने के लिए तैयार है। रूस उन देशों के रुख का सम्मान करता है जो संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन करते हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it