Top
Begin typing your search above and press return to search.

जापान पीएम का 3 दिवसीय भारत दौरा शुरू, 2 जुलाई को पीएम मोदी के साथ करेंगी शिखर वार्ता

नई दिल्ली, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची 1 से 3 जुलाई, 2026 तक अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत में रहेंगी। इस दौरान वह 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को नई गति देना है।

जापान पीएम का 3 दिवसीय भारत दौरा शुरू, 2 जुलाई को पीएम मोदी के साथ करेंगी शिखर वार्ता
X

नई दिल्ली, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची 1 से 3 जुलाई, 2026 तक अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत में रहेंगी। इस दौरान वह 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी सहयोग को नई गति देना है।

विदेश मंत्रालय ने जापानी पीएम के कार्यक्रम का संक्षिप्त विवरण दिया है। इसके अनुसार, प्रधानमंत्री ताकाइची 1 जुलाई की शाम 7 बजे नई दिल्ली के वायु सेना स्टेशन (एएफएस) पालम पहुंचेंगी, जहां उनका आधिकारिक स्वागत किया जाएगा।

2 जुलाई को सुबह 10 बजे राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित होगा। इसके बाद सुबह 11:30 बजे हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेता रक्षा, आर्थिक सुरक्षा, व्यापार, निवेश, सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), दूरसंचार और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं।

बैठक के बाद दोपहर 1:10 बजे दोनों देशों के बीच कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री ताकाइची संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी करेंगे।

दोपहर 3 बजे प्रधानमंत्री ताकाइची नई दिल्ली के होटल ताज पैलेस में आयोजित भारत-जापान बिजनेस फोरम में भाग लेंगी, जहां दोनों देशों के उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में निवेश, व्यापार और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहने की संभावना है।

16वें शिखर सम्मेलन का एक प्रमुख उद्देश्य 'आर्थिक सुरक्षा सहयोग पर संयुक्त घोषणा' को आगे बढ़ाना भी है, जिस पर पिछले साल ही हस्ताक्षर किए गए थे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस समझौते का मकसद दोनों देशों की रक्षा क्षमताओं और सैन्य तैयारियों को मजबूत करना है। इसके लिए दोनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल, साझा अभ्यास और सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

तीन दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन, 3 जुलाई को सुबह 11 बजे जापान की प्रधानमंत्री टोक्यो के लिए रवाना होंगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it