Top
Begin typing your search above and press return to search.

ब्रिटिश कोलंबिया ने ओपनएआई पर किया मुकदमा

वैंकूवर, कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत ने ओपनएआई और उसके सीईओ सैम ऑल्टमैन के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। आरोप है कि फरवरी 2026 में टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुए गोलीकांड को रोका जा सकता था, अगर कंपनी ने हमलावर की चैटजीपीटी गतिविधियों के बारे में कानूनी एजेंसियों को सूचित किया होता।

ब्रिटिश कोलंबिया ने ओपनएआई पर किया मुकदमा
X

वैंकूवर, कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत ने ओपनएआई और उसके सीईओ सैम ऑल्टमैन के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। आरोप है कि फरवरी 2026 में टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुए गोलीकांड को रोका जा सकता था, अगर कंपनी ने हमलावर की चैटजीपीटी गतिविधियों के बारे में कानूनी एजेंसियों को सूचित किया होता।

सोमवार को सैन फ्रांसिस्को की संघीय अदालत में दायर मुकदमे में ओपनएआई और ऑल्टमैन को प्रतिवादी बनाया गया है। ब्रिटिश कोलंबिया सरकार ने गोलीकांड के बाद राहत और पुनर्वास पर हुए तथा भविष्य में होने वाले खर्च की भरपाई की मांग की है। इसके साथ ही उसने कैलिफोर्निया स्थित चैटजीपीटी पर ऐसी बातचीत से निपटने के तरीके में बदलाव का आदेश देने की भी मांग की है, जिनमें हिंसा की योजना के संकेत मिल सकते हैं।

सीबीसी न्यूज से बात करते हुए ब्रिटिश कोलंबिया की अटॉर्नी जनरल निकी शर्मा ने कहा, "प्रांत यह जानना चाहता है कि क्या ओपनएआई ने हिंसा के खतरे की जानकारी मिलने के बाद पर्याप्त कदम उठाए थे।"

प्रांतीय सरकार ने कहा, "कंपनी के सुरक्षा दल ने हमलावर की चैटजीपीटी पर की गई बातचीत में बंदूक हिंसा से संबंधित चिंताजनक गतिविधि को पहले ही चिन्हित कर लिया था, लेकिन कानून प्रवर्तन को इसकी जानकारी नहीं दी गई।"

मुकदमे के अनुसार, हमलावर जेसी वैन रूटसेलार की चैटजीपीटी गतिविधियों को कंपनी की सुरक्षा टीम ने जून 2025 में ही चिन्हित किया था। आरोप है कि सुरक्षा टीम के सदस्यों ने पुलिस को सूचित करने की सिफारिश की थी, लेकिन कंपनी ने ऐसा नहीं किया। बाद में संबंधित अकाउंट को निष्क्रिय कर दिया गया, लेकिन मुकदमे में दावा किया गया है कि हमलावर ने दूसरा अकाउंट बनाकर चैटजीपीटी का इस्तेमाल जारी रखा।

10 फरवरी 2026 को टंबलर रिज में हुई गोलीबारी में आठ लोगों की मौत हुई थी, जिनमें पांच बच्चे और एक शिक्षक शामिल थे, जबकि 27 लोग घायल हुए थे। हमलावर 18 वर्षीय जेसी वैन रूटसेलार की भी बाद में मौत हो गई थी। ब्रिटिश कोलंबिया सरकार के अनुसार, इस घटना के बाद समुदाय में राहत, मानसिक स्वास्थ्य सहायता और स्कूल के पुनर्निर्माण सहित कई तरह के अतिरिक्त खर्च सामने आए।

प्रांतीय सरकार का कहना है कि गोलीकांड के बाद टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल की इमारत को गिराने और उसके स्थान पर नया स्कूल बनाने की जरूरत पड़ी। इसके अलावा इस हादसे की पीड़ित बच्चों, परिवारों और अन्य लोगों के लिए मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। सरकार इन खर्चों की भरपाई के लिए ओपनएआई से मुआवजा मांग रही है।

मुकदमे में ओपनएआई पर लापरवाही और उत्पाद सुरक्षा से जुड़े कई आरोप लगाए गए हैं। ब्रिटिश कोलंबिया सरकार का दावा है कि कंपनी के पास ऐसे सुरक्षा उपाय लागू करने के विकल्प मौजूद थे, जिनसे हिंसक गतिविधियों से जुड़े जोखिम को कम किया जा सकता था। हालांकि, ये सभी आरोप अभी अदालत में विचाराधीन हैं और उन पर अंतिम न्यायिक फैसला नहीं हुआ है।

दूसरी ओर ओपनएआई के प्रवक्ता ड्रू पुसाटेरी ने टंबलर रिज गोलीकांड को बेहद दुखद घटना बताया। उन्होंने कहा, "ओपनएआई सरकार और कानून प्रवर्तन अधिकारियों के साथ सहयोग करने तथा अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।"

टंबलर रिज गोलीकांड के पीड़ित परिवारों, बचे लोगों और अन्य लोगों ने भी ओपनएआई के खिलाफ 30 से अधिक मुकदमे दायर किए हैं। इन मामलों में भी कंपनी पर आरोप लगाया गया है कि उसने हमलावर की गतिविधियों को लेकर पर्याप्त हस्तक्षेप नहीं किया और अधिकारियों को चेतावनी नहीं दी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it