Top
Begin typing your search above and press return to search.

किसान की बेटी की शादी में पहुंचे राहुल गांधी, दुल्हन को दिया आशीर्वाद; परिवार के साथ बैठकर चूरमा-जलेबी और मिस्सी रोटी का लिया स्वाद

राहुल गांधी यहां किसान संजय मलिक की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे। उनके आगमन से पूरे गांव में उत्साह का माहौल बन गया और परिवार के लोग खुद को सम्मानित महसूस करने लगे।

किसान की बेटी की शादी में पहुंचे राहुल गांधी, दुल्हन को दिया आशीर्वाद; परिवार के साथ बैठकर चूरमा-जलेबी और मिस्सी रोटी का लिया स्वाद
X

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के गांव मदीना में उस समय खुशी का माहौल और भी खास बन गया, जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अचानक एक किसान के घर पहुंच गए। राहुल गांधी यहां किसान संजय मलिक की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे। उनके आगमन से पूरे गांव में उत्साह का माहौल बन गया और परिवार के लोग खुद को सम्मानित महसूस करने लगे।

किसान के घर पहुंचे राहुल गांधी

जानकारी के मुताबिक, किसान संजय मलिक को बुधवार सुबह एक फोन आया, जिसमें बताया गया कि राहुल गांधी उनकी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए गांव आने वाले हैं। इस सूचना के बाद परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और शादी के घर में तैयारियां और तेज हो गईं। करीब सवा दस बजे राहुल गांधी अपनी सुरक्षा टीम के साथ गांव मदीना पहुंचे। उनके साथ रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद थे। गांव पहुंचने के बाद राहुल गांधी सीधे संजय मलिक के घर पहुंचे, जहां परिवार के लोगों और रिश्तेदारों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

दुल्हन को दिया आशीर्वाद

राहुल गांधी ने सबसे पहले किसान संजय मलिक और उनके परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने दुल्हन तन्नू मलिक को आशीर्वाद दिया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान राहुल गांधी ने बेहद सादगी से परिवार के लोगों से बातचीत की और शादी के माहौल में घुलमिल गए। परिवार के सदस्यों और गांव के लोगों के लिए यह पल बेहद खास बन गया। उन्होंने राहुल गांधी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और उनसे बातचीत की। करीब एक घंटे से अधिक समय तक राहुल गांधी शादी समारोह में मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम का हिस्सा बने।

पारंपरिक व्यंजनों का लिया स्वाद

शादी के कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने परिवार के साथ बैठकर भोजन भी किया। इस दौरान उन्होंने हरियाणा के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। भोजन में चूरमा, जलेबी, लड्डू, मिस्सी रोटी और सब्जी जैसे पारंपरिक पकवान परोसे गए थे। परिवार के लोगों ने बताया कि राहुल गांधी ने बेहद आत्मीयता के साथ भोजन किया और हरियाणा के पारंपरिक खाने की तारीफ भी की। उनके इस सादगी भरे अंदाज ने सभी का दिल जीत लिया।

परिवार ने जताई खुशी

राहुल गांधी के घर पहुंचने से किसान संजय मलिक और उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार के लोगों ने कहा कि उनके लिए यह गर्व की बात है कि देश के इतने बड़े नेता ने उनकी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए समय निकाला। परिवार के अनुसार, कुछ समय पहले संजय मलिक और उनके भाई बलजीत मलिक राहुल गांधी को शादी का निमंत्रण देने दिल्ली गए थे। उस दौरान राहुल गांधी ने उनसे वादा किया था कि वह शादी में शामिल होने की कोशिश करेंगे।

निभाया अपना वादा

परिवार के लोगों ने बताया कि राहुल गांधी ने अपना वादा निभाया और दिल्ली में चल रहे लोकसभा सत्र के बीच समय निकालकर गांव मदीना पहुंचे। उनके आने से शादी का माहौल और भी यादगार बन गया। गांव के लोगों का कहना है कि राहुल गांधी का यह कदम उनके सादगी भरे स्वभाव को दिखाता है। एक छोटे किसान के घर पहुंचकर शादी में शामिल होना और परिवार के साथ समय बिताना गांव वालों के लिए भी खास अनुभव रहा। राहुल गांधी के इस दौरे ने न केवल संजय मलिक के परिवार को खुशी दी, बल्कि पूरे गांव के लिए यह एक यादगार पल बन गया। गांव के लोग इस मौके को लंबे समय तक याद रखने की बात कह रहे हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it