Top
Begin typing your search above and press return to search.

अब अमेजन पर मिलेंगी गुजरात बोर्ड की किताबें, प्रिंटेड कीमत पर होगी होम डिलीवरी

गुजरात में छात्रों और अभिभावकों को अब स्कूल की किताबें खरीदने के लिए दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य सरकार की पहल के तहत छात्र और अभिभावक पाठ्यपुस्तकों को ऑनलाइन ऑर्डर कर सकेंगे और उन्हें प्रिंटेड कीमत पर घर तक पहुंचाया जाएगा।

अब अमेजन पर मिलेंगी गुजरात बोर्ड की किताबें, प्रिंटेड कीमत पर होगी होम डिलीवरी
X

गांधीनगर। गुजरात में छात्रों और अभिभावकों को अब स्कूल की किताबें खरीदने के लिए दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य सरकार की पहल के तहत छात्र और अभिभावक पाठ्यपुस्तकों को ऑनलाइन ऑर्डर कर सकेंगे और उन्हें प्रिंटेड कीमत पर घर तक पहुंचाया जाएगा।

गुजरात राज्य स्कूल पाठ्यपुस्तक बोर्ड ने इसके लिए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। इसके तहत बोर्ड की पाठ्यपुस्तकें अमेजन पर उपलब्ध होंगी और उन्हें खरीदने पर अभिभावकों एवं छात्रों को अतिरिक्त डिलीवरी चार्ज नहीं देना होगा।

इस सुविधा के तहत बोर्ड की ओर से सभी कक्षाओं और माध्यमों के लिए प्रकाशित पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। राज्य सरकार कुछ पाठ्यपुस्तकें छात्रों को मुफ्त उपलब्ध कराती है, जबकि अन्य किताबें छात्रों को खरीदनी पड़ती हैं। खास तौर पर सेल्फ फाइनेंस्ड स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को कई किताबें खुद खरीदनी होती हैं।

अमेजन के साथ हुए समझौते के बाद छात्र और अभिभावक जरूरत के अनुसार इन किताबों को ऑनलाइन ऑर्डर कर सकेंगे। उन्हें किताब की प्रिंटेड कीमत ही चुकानी होगी और इसके अलावा कोई अतिरिक्त डिलीवरी शुल्क नहीं देना होगा।

अहमदाबाद की रहने वाली अभिभावक किंजल मकवाना ने इस सुविधा को कामकाजी माता-पिता के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि उनका बच्चा पहली कक्षा में पढ़ता है और उन्होंने गुजरात टेक्स्टबुक बोर्ड की किताबें अमेजन के जरिए ऑर्डर की थीं। दोनों के कामकाजी होने के कारण उनके पास किताबें खरीदने के लिए आने-जाने का समय नहीं था। ऑनलाइन ऑर्डर करने पर सभी किताबें आसानी से घर पहुंच गईं।

गुजरात राज्य स्कूल पाठ्यपुस्तक बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष मनुभाई पावरा ने कहा कि अमेजन के साथ समझौते का उद्देश्य छात्रों और अभिभावकों तक बिना किसी अतिरिक्त खर्च के किताबें घर पर पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में अमेजन के साथ बातचीत के बाद एमओयू किया गया। इसके तहत बच्चों और अभिभावकों को पाठ्यपुस्तकें प्रिंटेड कीमत पर घर तक पहुंचाई जा सकेंगी और उन्हें कोई अतिरिक्त राशि नहीं देनी होगी। अब जरूरत पड़ने पर छात्र अमेजन के ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए किताबें मंगा सकेंगे।

गुजरात राज्य स्कूल पाठ्यपुस्तक बोर्ड हर साल करीब 1.5 करोड़ पाठ्यपुस्तकों का वितरण करता है। नई ऑनलाइन सुविधा ऐसे छात्रों के लिए भी उपयोगी होगी, जिन्हें सरकार की वितरण व्यवस्था के तहत मिलने वाली पुस्तकों के अलावा अतिरिक्त कॉपी या अन्य किताबों की जरूरत होती है।

इस पहल के जरिए छात्रों और अभिभावकों को पाठ्यपुस्तकों तक ऑनलाइन पहुंच देने की कोशिश की गई है, ताकि उन्हें हर बार किताब खरीदने के लिए बुक स्टोर पर न जाना पड़े।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it