मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती: राहुल गांधी ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र, पूछा- एक लाख पद खाली तो भर्ती इतनी कम क्यों?
मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती-2025 को लेकर राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने वर्ग-2 और वर्ग-3 के पद बढ़ाने, आंदोलनकारी अभ्यर्थियों के नोटिस वापस लेने और दूसरी काउंसलिंग शुरू करने की मांग की है।

एक लाख से ज्यादा पद खाली होने का दावा
राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में एक लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं और इसका असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पद ही घोषित किए गए हैं। राहुल गांधी ने अभ्यर्थियों की मांग का हवाला देते हुए कहा कि भर्ती में पद बढ़ाने से सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी कम करने के साथ हजारों युवाओं को स्थायी रोजगार का अवसर मिल सकता है।
इंदौर में अभ्यर्थियों ने उठाया था मुद्दा
राहुल गांधी के मुताबिक, इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अभ्यर्थियों ने वर्ग-2 और वर्ग-3 भर्ती में पदवृद्धि की मांग रखी थी। उनका कहना है कि कई अभ्यर्थी भर्ती परीक्षा में अच्छे अंक हासिल कर चुके हैं और कुछ पहले से अतिथि शिक्षक के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं।
पत्र में राहुल गांधी ने यह भी कहा कि सीमित पदों के कारण कई योग्य अभ्यर्थियों को स्थायी नियुक्ति का इंतजार करना पड़ रहा है और कुछ अभ्यर्थी आयु सीमा के करीब पहुंच रहे हैं।
आंदोलन और भूख हड़ताल का भी जिक्र
राहुल गांधी ने पत्र में आंदोलन और भूख हड़ताल कर रहे अभ्यर्थियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने वाले अभ्यर्थियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। हालांकि, यह आरोप राहुल गांधी के पत्र में लगाए गए हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से आंदोलनकारी अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस वापस लेने और उनके प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनने का अनुरोध किया। साथ ही वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने तथा दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग की।


