Top
Begin typing your search above and press return to search.

संसद में आज फिर हंगामे के आसार, एक राज्य का बदलेगा नाम; FCRA समेत कई अहम बिल होंगे पेश

संसद के मानसून सत्र में सोमवार को छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, FCRA संशोधन बिल और केरल नाम परिवर्तन विधेयक को लेकर हंगामे के आसार हैं।

संसद में आज फिर हंगामे के आसार, एक राज्य का बदलेगा नाम; FCRA समेत कई अहम बिल होंगे पेश
X
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में सोमवार को एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव के आसार हैं। विपक्ष छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संसद में जवाब की मांग कर रहा है। दूसरी ओर केंद्र सरकार लोकसभा में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इनमें केरल के नाम परिवर्तन और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम से जुड़े विधेयक प्रमुख हैं। प्रस्तावित विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक यानी FCRA Bill को लेकर भी सियासी घमासान बढ़ सकता है।

छात्रों पर कार्रवाई के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन गृह मंत्री की ओर से इस मामले पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, पैलेट गन और आंसू गैस के इस्तेमाल की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पर गृह मंत्री को संसद में जवाब देना होगा। कांग्रेस इस मुद्दे को संसद में जोरदार तरीके से उठाने की तैयारी में है।

FCRA संशोधन बिल का विरोध करेगी कांग्रेस

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि अगर केंद्र सरकार विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक संसद में पेश करती है तो कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इसका विरोध करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित बदलाव अल्पसंख्यक समुदायों और गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) को प्रभावित कर सकते हैं।

वेणुगोपाल ने यह भी सवाल उठाया कि छात्रों पर कार्रवाई के दौरान लाठीचार्ज और अन्य बल प्रयोग का आदेश किस स्तर से दिया गया। कांग्रेस नेता ने प्रस्तावित परिसीमन से जुड़े विधेयक को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि इससे उन राज्यों को नुकसान हो सकता है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के उपायों को प्रभावी तरीके से लागू किया है।

केरल के नाम परिवर्तन समेत कई बिल एजेंडे में

सरकार की ओर से सोमवार को लोकसभा में कई अहम विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है। कार्यसूची के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह केरल नाम परिवर्तन विधेयक और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम संशोधन विधेयक से जुड़े प्रस्ताव सदन में रख सकते हैं।

राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी एक महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेंगी। इन विधेयकों को लेकर विपक्ष की आपत्तियों के कारण सदन में चर्चा के दौरान हंगामे की संभावना बनी हुई है।

प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगे NCP (SP) सांसद

एनसीपी (शरद पवार) के सांसद सोमवार को पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। सुप्रिया सुले के मुताबिक, बैठक में महाराष्ट्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। हालांकि, पार्टी ने FCRA संशोधन विधेयक के मौजूदा स्वरूप को लेकर अपना विरोध स्पष्ट कर दिया है।

इस बीच राहुल गांधी ने छात्रों के समर्थन में कहा है कि वह उनकी मांगों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। ऐसे में संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष और सरकार के बीच टकराव की जमीन तैयार हो गई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it