Top
Begin typing your search above and press return to search.

'प्रियंका गांधी नेता प्रतिपक्ष होतीं तो...', संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू ने लोकसभा में की कांग्रेस सांसद की तारीफ

लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर हमला बोला और प्रियंका गांधी की तारीफ की।

प्रियंका गांधी नेता प्रतिपक्ष होतीं तो..., संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू ने लोकसभा में की कांग्रेस सांसद की तारीफ
X

नई दिल्ली। लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरा सत्ता पक्ष की ओर से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले वक्ता थे। किरेन रिजिजू ने विपक्ष और विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने लगे हाथ प्रियंका गांधी की तारीफ भी कर दी। जवाब में प्रियंका गांधी ने रिजिजू को जवाब देते हुए कहा कि एक ही नेता है, जो पिछले 12 साल में इनके आगे नहीं झुका।

दरअसल, संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू ने कहा कि कोई भी संवैधानिक संस्था हो, उस पर आपने अटैक किया है। मैं सोच रहा था कि 2014 के बाद संवैधानिक संस्थाओं पर अटैक का सिलसिला जो शुरू हुआ, स्पीकर का पद अब तक क्यों बचाकर रखा है। उन्होंने कहा कि अब पता चला कि भारत में लोकतंत्र पर हमला करना है, तो स्पीकर की कुर्सी पर हमला करो। रिजिजू ने कहा कि विपक्ष के नेता जब भाषण दे रहे थे, उस पर स्पीकर ने रूलिंग दी। उन्होंने कहा कि स्पीकर का डिसीजन फाइनल होता है। आप असहमत हो सकते हैं, हम लड़ते रहते हैं, लेकिन दुश्मन नहीं होते।

किरेन रिजिजू ने कहा कि स्पीकर रूलिंग दे चुके हैं, तब भी बोल रहे कि मुझे बोलने नहीं दिया जा रहा है। हमने भी कहा कि स्पीकर की रूलिंग फाइनल है। फिर भी उठ-उठकर इन लोगों ने विपक्ष के नेता को नहीं बोलने दिए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 15वीं लोकसभा में इनके नेता प्रतिपक्ष सदस्य थे और कुल मिलाकर दो बार बोले. सेशन चलता है, तब ही विदेश चले जाते हैं।

नेता विपक्ष आंख मारते हैंः रिजिजू

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि नियम कहता है कि कोई सदस्य भाषण करता है, तो उसे अगले वक्ता को सुनना होता है। इनका नेता विपक्ष अपनी बात बोलकर चला जाता हैं। किसी की सुनते नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यहां प्रधानमंत्री बैठे हैं, वह दौड़कर गले लगाने आते हैं। अपने एमपी को देखकर आंख मारते हैं। ऐसा नेता प्रतिपक्ष हमने पहली बार देखा है। रिजिजू ने कहा कि जैसा लीडर है, बाकी वैसा ही होगा। सभापति को यार बोलते हैं, चेयर को यार कहने पर क्या होता है, बोल सकता है। चेयरमैन राज्यसभा को बोलता है कलीग। ये कस्टोडियन ऑफ हाउस हैं। ये ठीक नहीं है।

प्रियंका को नेता प्रतिपक्ष बनाते तो परफॉर्मेंस अच्छा होता

उन्होंने कहा कि विपक्ष में भी अच्छे लोग हैं, नेता प्रतिपक्ष उनको ही बनाया। इसमें मैं क्या कर सकता हूं। प्रियंका वाड्रा गांधी पीछे बैठकर मुस्करा रही हैं। इनको भी नेता प्रतिपक्ष बनाते तो परफॉर्मेंस अच्छा होता। रिजिजू ने कहा कि ये कम से कम सुनती तो हैं। कोई अच्छा व्यवहार करे, तो सराहना करना मेरा दायित्व है। इस पर प्रियंका गांधी अपनी सीट पर खड़ी हो गईं और कहा कि मेरा नाम लिया गया है, मुझे बोलने दिया जाए। इस पर पीठासीन ने कहा कि आपको मौका दिया जाएगा।

कांग्रेस वालों को तारिफ करना भी अच्छा नहीं लगता

किरेन रिजिजू ने कहा कि हमने तो प्रियंका गांधी की तारीफ की है। कांग्रेस वालों को ये क्या हो गया है। तारीफ करना भी अच्छा नहीं लगता। उन्होंने आगे कहा कि स्पीकर यहां हमारा मां-बाप होता है। कोई बच्चा रूल तोड़ता है, स्पीकर ही सिखाएगा न। इन्होंने सोचा कि चुनाव जीत नहीं सकते, जनता का भरोसा नहीं जीत सकते, तब लोकतंत्र-प्रक्रिया को ही चोट करने की सोची। अमेरिका में, जर्मनी में जाकर बोलते हैं कि हमारा लोकतंत्र खतरे में है। किरेन रिजिजू ने आपके नेता प्रतिपक्ष ने आर्मी के जवानों को जाकर बोलता है कि तुम्हारा सारा अधिकार तो अफसर ले जाते हैं, तुमको क्या मिलता है। ये कितनी खतरनाक बात है।

प्रियंका गांधी ने कहा, नेता प्रतिपक्ष 12 वर्षों से इनके आगे झुका नहीं

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं यह स्पष्ट करना चाहती हूं कि हम क्यों हंस रहे थे। मुझे हंसी इसलिए आई क्योंकि जिस नेहरू जी की ये लगातार आलोचना करते रहते हैं, आज उन्हीं के कोट का उपयोग इन्होंने अपने पक्ष में कर लिया। अचानक इन्होंने स्वीकार कर लिया कि नेहरू जी ही इस सबसे बड़े लोकतंत्र को मजबूत करने वाले व्यक्ति हैं। इस देश में केवल एक ही व्यक्ति है, जो पिछले 12 वर्षों में इनके सामने झुका नहीं है, और वह नेता प्रतिपक्ष हैं, क्योंकि वे सच बोलते हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it