असम में राहुल गांधी ने अमेरिका-इंडिया डील को लेकर पीएम मोदी पर लगाए गंभीर आरोप
असम चुनाव 2026 में राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर अमेरिका के दबाव में डील करने का आरोप लगाया। किसानों, ऊर्जा और छोटे उद्योगों पर असर को लेकर उठाए सवाल।

गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के दौरान गुरुवार को करबी आंगलोंग में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अमेरिका-भारत समझौते को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि यह डील देश के हित में नहीं बल्कि दबाव में की गई है।
राहुल गांधी ने कहा कि लोग यह सवाल कर सकते हैं कि असम चुनाव में अमेरिका-भारत समझौते की बात क्यों हो रही है, लेकिन यह समझना जरूरी है कि इसका सीधा असर देश के किसानों और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की कृषि व्यवस्था को अमेरिका के लिए खोल दिया है, जिससे भारतीय किसानों को भारी नुकसान होगा।
उन्होंने कहा कि अमेरिका में बड़े पैमाने पर खेती होती है और वहां आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल होता है, जबकि भारत के किसान छोटे स्तर पर खेती करते हैं। ऐसे में प्रतिस्पर्धा असमान होगी और भारतीय किसान “कुचल दिए जाएंगे”।
राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा को भी प्रभावित किया गया है और अब तेल खरीद के फैसलों में भी अमेरिका की भूमिका बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि भारत अगर किसी अन्य देश से तेल खरीदना चाहे तो उसे अप्रत्यक्ष रूप से अमेरिका की मंजूरी की जरूरत होगी।
इसके अलावा उन्होंने डेटा सुरक्षा और छोटे उद्योगों पर भी चिंता जताई। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हर साल 9 लाख करोड़ रुपये के अमेरिकी उत्पाद खरीदने की प्रतिबद्धता से भारत के MSME सेक्टर को नुकसान होगा। उन्होंने अंत में कहा कि यह समझौता इसलिए हुआ क्योंकि Donald Trump का प्रभाव प्रधानमंत्री मोदी पर है।


