एसआईआर पर राहुल गांधी को अमित शाह की खुली चुनौती, बोले- सरकार विशेष सत्र बुलाने को तैयार, संसद में करो बहस
अमित शाह ने एसआईआर, ईवीएम और घुसपैठियों के मुद्दे पर राहुल गांधी को संसद में बहस की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि सरकार इन मुद्दों पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाने को तैयार है।

‘एसआईआर, ईवीएम और घुसपैठियों पर चर्चा के लिए तैयार सरकार’
सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी संविधान लेकर घूमते हैं, लेकिन उसका सम्मान नहीं करते। उन्होंने कहा, “मैं हैदराबाद की धरती से आपको चुनौती देता हूं कि हम संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार हैं। आइए और बहस कीजिए।”
गृह मंत्री ने कहा कि SIR, EVM और घुसपैठियों समेत हर मुद्दे पर सरकार चर्चा करने को तैयार है। उन्होंने दावा किया कि यदि विशेष सत्र बुलाया गया तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद में कांग्रेस को जवाब देंगे। शाह ने विपक्ष की ओर से हाल में आयोजित मॉक पार्लियामेंट पर भी तंज कसा।
ईवीएम पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस तेलंगाना में कैसे जीती?
अमित शाह ने EVM की विश्वसनीयता पर कांग्रेस के सवालों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में गड़बड़ी होती है और भाजपा इसी के जरिए चुनाव जीतती है, तो कांग्रेस तेलंगाना में इसी मशीन से चुनाव कैसे जीत गई?
उन्होंने केरल और तमिलनाडु में गैर-भाजपा सरकारों के गठन का भी उल्लेख किया। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी हार के बाद EVM पर सवाल उठाकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश करती है। उन्होंने कांग्रेस के पिछले दस साल के शासन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी आज राजनीतिक रूप से कमजोर स्थिति में है।
घुसपैठियों के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा
गृह मंत्री ने घुसपैठ के मुद्दे पर कहा कि सरकार हर घुसपैठिए को मतदाता सूची से हटाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस विषय पर चर्चा से बचती है और राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने के लिए अराजकता को बढ़ावा देती है।
एसआईआर को लेकर क्यों बढ़ा सियासी विवाद?
दरअसल, कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भी निशाने पर ले रही है। हाल ही में विपक्ष ने उनके खिलाफ प्रतीकात्मक महाभियोग जैसी कार्रवाई करते हुए मॉक पार्लियामेंट आयोजित की थी।
अब अमित शाह की बहस की चुनौती के बाद SIR, EVM और मतदाता सूची में घुसपैठियों के नाम जैसे मुद्दों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच टकराव और बढ़ने के संकेत हैं।


