Top
Begin typing your search above and press return to search.

जीशान अय्यूब ने 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' कश्मीरियों को किया समर्पित

मुंबई, कश्मीर की कहानी, वहां के लोगों के संघर्ष और फुटबॉल के जरिए उम्मीद की एक नई राह दिखाने वाली सीरीज 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' ने इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड में अपनी जगह बना ली है।

जीशान अय्यूब ने रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब कश्मीरियों को किया समर्पित
X

मुंबई, कश्मीर की कहानी, वहां के लोगों के संघर्ष और फुटबॉल के जरिए उम्मीद की एक नई राह दिखाने वाली सीरीज 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' ने इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड में अपनी जगह बना ली है। सीरीज को ड्रामा सीरीज कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया है।

शो में सोहेल मीर का किरदार निभाने वाले अभिनेता मोहम्मद जीशान अय्यूब ने इस खास पहचान को कश्मीर के लोगों को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि यह कहानी उनके लिए बेहद जरूरी थी, जिसे दर्शकों तक पहुंचाना उनके लिए सम्मान की बात है।

जीशान अय्यूब ने कहा, "यह देखना हमेशा खास होता है कि हमारी मेहनत और प्यार से बनाई गई कहानी लोगों तक पहुंचती है और उसे पहचान मिलती है। हमारे लिए यह एक जरूरी और प्रासंगिक कहानी थी, जिसे बताना जरूरी था। यह हिम्मत, जज्बे और लगातार मेहनत की कहानी है।"

अभिनेता ने आगे कहा, ''मैं इस नॉमिनेशन को कश्मीर के लोगों को समर्पित करता हूं। कश्मीर के लोगों ने लंबे समय से कई तरह के संघर्ष झेले हैं और उनकी इसी मजबूती को कहानी में सामने लाने की कोशिश की गई है। मुझे उम्मीद है कि इंटरनेशनल एमी का यह नॉमिनेशन सीरीज की कहानी को और आगे तक पहुंचाने में मदद करेगा और ज्यादा से ज्यादा लोग इससे जुड़ पाएंगे।''

'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' में जीशान अय्यूब के साथ मानव कौल भी अहम भूमिका में हैं। सीरीज में दो ऐसे लोगों की कहानी है, जो कश्मीर में एक प्रोफेशनल फुटबॉल टीम बनाने का सपना देखते हैं। शुरुआत में यह सिर्फ एक सपना होता है, लेकिन धीरे-धीरे यह सपना मेहनत, संघर्ष और कम्युनिटी की ताकत से एक बड़े मिशन में बदलने लगता है। फुटबॉल सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे जुड़े लोगों के लिए उम्मीद और नए मौकों का जरिया बनता दिखाई देता है।

सीरीज के शो-रनर और को-डायरेक्टर महेश मथाई ने भी इंटरनेशनल एमी नॉमिनेशन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ''जब कोई शानदार कहानी आपके सामने आती है तो उसे यूं ही जाने नहीं देना चाहिए। उसे पकड़कर रखना, उसे प्यार से आगे बढ़ाना और पूरी मेहनत के साथ दर्शकों तक पहुंचाना जरूरी है। अच्छी कहानी एक लंबे सफर के बाद अपनी मंजिल तक पहुंच ही जाती है। मैं इस बात को लेकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि इस खास सीरीज को एमी नॉमिनेशन के जरिए ग्लोबल पहचान मिली है।''

'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' का प्रोडक्शन जया एंटरटेनमेंट और ओशुन एंटरटेनमेंट ने किया है। सीरीज में जीशान अय्यूब और मानव कौल के अलावा अभिशांत राणा, प्रिया चौहान, अफनान फाजली और शहीम भट्ट भी अहम भूमिकाओं में हैं।

सीरीज का निर्देशन शो-रनर महेश मथाई और राजेश मापुस्कर ने किया है। इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले पर सिमाब हाशमी, ध्रुव नारंग, महेश मथाई, दानिश रेंजू और उमंग व्यास ने काम किया है।

इसमें दो ऐसे लोगों की कहानी है, जो कश्मीर में प्रोफेशनल फुटबॉल टीम बनाने का सपना देखते हैं। उनके साथ करीब 20 ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें शुरुआत में अंडरडॉग माना जाता है। टीम बनाने का यह सफर आसान नहीं रहता। रास्ते में कई मुश्किलें आती हैं, छोटे-छोटे मौके मिलते हैं और कई बार निजी जिंदगी के फैसले भी इस सपने के आड़े आते हैं। लेकिन धीरे-धीरे यह कोशिश सिर्फ एक फुटबॉल टीम बनाने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि कई लोगों के लिए उम्मीद की वजह बन जाती है।

'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' फिलहाल सोनी लिव पर स्ट्रीम हो रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it