वामिका गब्बी के पिता का था अनोखा सपना
मुंबई, लोकप्रिय अभिनेत्री वामिका गब्बी ने 'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर अपनी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद प्यारा किस्सा शेयर किया।

मुंबई, लोकप्रिय अभिनेत्री वामिका गब्बी ने 'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर अपनी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद प्यारा किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता हमेशा से उनके करियर को लेकर बहुत उत्साहित रहे हैं। वह उनकी हर छोटी-बड़ी कामयाबी को फोटो और वीडियो में रिकॉर्ड करते थे। लेकिन, उनके पिता के लिए बेटी की सफलता का पैमाना थोड़ा अलग था।
उनका मानना था कि जिस दिन अमिताभ बच्चन खुद वामिका को अपने घर लंच पर बुलाएंगे, उस दिन वह मानेंगे कि उनकी बेटी सच में सफल हो गई है।
शो के दौरान वामिका ने बताया कि पिता की इस बात का जिक्र उन्होंने एक बार अमिताभ बच्चन को चिट्ठी लिखते हुए भी किया था।
वामिका ने अमिताभ बच्चन से मजाकिया अंदाज में कहा, ''मैंने आपको लेटर में बड़ी चालाकी से लिख दिया था कि मेरे पापा ने कहा है कि एक दिन हमें उनके घर लंच करना है और शायद वह दिन भी आएगा। मुझे लगा कि शायद यह बात पढ़कर आप हमें लंच के लिए इनवाइट करेंगे। लेटर में यह बात लिखना थोड़ी 'बेशर्मी' थी, लेकिन मैं अपने पापा की इस इच्छा को पूरा होते देखना चाहती थी।''
वामिका ने बताया कि लेटर का अमिताभ बच्चन की ओर से जवाब भी आया था। उन्होंने कहा, ''जब आपका लेटर पढ़ा तो आपने बहुत खूबसूरत तरीके से धन्यवाद लिखा हुआ था, लेकिन उस चिट्ठी में लंच का कोई न्योता नहीं था।''
वामिका ने कहा, ''मैं लेटर में नीचे तक ढूंढती रह गई थी कि शायद कहीं लिखा हो कि वेज खाना है या नॉन-वेज।''
उनकी यह बात सुनकर शो में मौजूद लोग हंस पड़े। इसके बाद अमिताभ बच्चन ने वामिका के सामने उनके पिता के सपने को पूरा करने का एक मजेदार ऑप्शन रखा।
उन्होंने कहा, ''आपके सामने एक राउंड में 10 सवाल पूछे जाएंगे और अगर आप सभी 10 सवालों के सही जवाब दे देती हैं, तो मैं आपको घर पर खाने के लिए बुलाऊंगा।''
अमिताभ की यह बात सुनकर वामिका काफी खुश हो गईं।
'कौन बनेगा करोड़पति' में वामिका गब्बी, राजकुमार राव के साथ अपकमिंग फिल्म 'प्रहार' को प्रमोट करने आई थी।


