Top
Begin typing your search above and press return to search.

'तुम मेरे हो' फिल्म का ट्रेलर रिलीज

मुंबई, अभिनेता गुरमीत चौधरी की फिल्म 'तुम मेरे हो' का ट्रेलर शुक्रवार को रिलीज कर दिया गया। रोमांस, एक्शन और इमोशन से भरपूर इस फिल्म में गुरमीत एक अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं।

तुम मेरे हो फिल्म का ट्रेलर रिलीज
X

मुंबई, अभिनेता गुरमीत चौधरी की फिल्म 'तुम मेरे हो' का ट्रेलर शुक्रवार को रिलीज कर दिया गया। रोमांस, एक्शन और इमोशन से भरपूर इस फिल्म में गुरमीत एक अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं। वहीं, टीवी की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकीं ईशा मालवीय इस फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। ट्रेलर में दोनों कलाकारों के किरदारों के बीच प्यार, दिल टूटने और भावनाओं से जुड़े कई पहलू देखने को मिल रहे हैं।

बता दें कि गुरमीत चौधरी ने होम प्रोडक्शन 'देब गुरु फिल्म्स' के तहत रेवा क्रिएटिव हाउस के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है। उन्होंने फिल्म को लेकर कहा, '''तुम मेरे हो' मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि यह निर्माता के तौर पर मेरी पहली फिल्म है। इसके जरिए मुझे ऐसी कहानी कहने का मौका मिला, जिस पर मैं सच में विश्वास करता हूं।" एक अभिनेता के रूप में मैं रोमांस, इमोशन्स और एक्शन के अलग-अलग रंगों वाले किरदार को निभाना चाहता था। वहीं, निर्माता के तौर पर मेरी कोशिश ऐसी दुनिया बनाने की थी, जिससे दर्शकों से भी जुड़ाव महसूस हो। मैं इस बात को लेकर उत्साहित हूं कि दर्शक अब ट्रेलर देख सकेंगे और हमारी बनाई दुनिया का अनुभव कर पाएंगे।''

ट्रेलर में शानदार लोकेशन, बड़े स्तर पर फिल्माए गए सीन्स और कहानी की दिलचस्प झलक देखने को मिलती है। गुरमीत अपने किरदार के रोमांटिक हिस्सों में सादगी के साथ फीलिंग्स जाहिर करते नजर आते हैं, वहीं एक्शन सीन्स में उनका दमदार अंदाज भी दिखाई दिया।

वहीं, ईशा मालवीय के लिए भी यह फिल्म एक नई शुरुआत है। बॉलीवुड डेब्यू को लेकर उन्होंने कहा, '''तुम मेरे हो' का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा है। इस कहानी में बहुत सारी भावनाएं, प्यार और गहराई है। मैं आभारी हूं कि मुझे अपनी पहली फिल्म के लिए ऐसा मौका मिला। गुरमीत के साथ काम करना शानदार अनुभव रहा। मुझे उम्मीद है कि दर्शक हमारे किरदारों और उनकी कहानी से उसी तरह जुड़ेंगे, जिस तरह हम फिल्म बनाते समय उनसे जुड़े थे।''

फिल्म के निर्देशक आशीष पांडा ने बताया कि उनकी कोशिश ऐसी फिल्म बनाने की थी जो दर्शकों को बड़े पर्दे का भव्य अनुभव देने के साथ कहानी की भावनाओं को भी केंद्र में रखे। उन्होंने कहा, ''इस कहानी में रोमांस, दिल टूटने, एक्शन और भावनाओं की कई परतें हैं। हम चाहते थे कि फिल्म का हर सीन उसके बड़े स्तर को दिखाए। गुरमीत और ईशा ने अपने किरदारों के लिए पूरी ईमानदारी और मेहनत से काम किया है। ट्रेलर हमारी बनाई दुनिया की सिर्फ एक झलक है। फिल्म में दर्शकों के लिए अभी बहुत कुछ बाकी है।''

फिल्म की कहानी को और प्रभावी बनाने के लिए इसके संगीत पर भी खास ध्यान दिया गया है। एल्बम में मिथुन, विशाल मिश्रा, संजू राठौड़, असीस कौर, मधुर शर्मा, रश्मि विराग मिश्रा, अजीम शिराजी, गीत सागर, मोहम्मद फैज, जावेद अली, अर्जुना हरजाई, विवेक वर्मा, कृष और उद्दीपन शर्मा समेत कई कलाकारों ने योगदान दिया है।

आरती एस और देबीना बनर्जी निर्मित इस फिल्म के सह-निर्माता रोमांच मेहता और अमन रियास्ती हैं। आशीष पांडा के निर्देशन में बनी 'तुम मेरे हो' 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it