Top
Begin typing your search above and press return to search.

'टॉक्सिक' की रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग का अनुमान, यश की फिल्म के निशाने पर कई बड़ी A-रेटेड फिल्में

'टॉक्सिक' की एडवांस बुकिंग को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने की बात सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म भारत में अपने पहले दिन करीब 82 से 89 करोड़ रुपये नेट का कारोबार कर सकती है।

टॉक्सिक की रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग का अनुमान, यश की फिल्म के निशाने पर कई बड़ी A-रेटेड फिल्में
X

मुंबई। यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक' की रिलीज का इंतजार अब खत्म होने वाला है। फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर जबरदस्त माहौल बना हुआ है। टीजर और ट्रेलर के बाद दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ी है, वहीं एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी फिल्म की मजबूत शुरुआत के संकेत दे रहे हैं। फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। अब ट्रेड एनालिसिस में अनुमान लगाया जा रहा है कि 'टॉक्सिक' घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बड़ी A-रेटेड फिल्मों में शामिल हो सकती है।

एडवांस बुकिंग से मिले मजबूत संकेत

'टॉक्सिक' की एडवांस बुकिंग को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने की बात सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म भारत में अपने पहले दिन करीब 82 से 89 करोड़ रुपये नेट का कारोबार कर सकती है। अनुमान के अनुसार, कन्नड़ भाषा में फिल्म की कमाई करीब 29-30 करोड़ रुपये रह सकती है। हिंदी संस्करण से करीब 32-37 करोड़ रुपये आने की उम्मीद जताई जा रही है। तेलुगु में फिल्म लगभग 11-12 करोड़ रुपये, जबकि तमिल और मलयालम संस्करणों को मिलाकर करीब 10 करोड़ रुपये की कमाई कर सकते हैं। हालांकि, ये सभी आंकड़े रिलीज से पहले के अनुमान हैं। वास्तविक कलेक्शन फिल्म के रिलीज होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

A-रेटेड फिल्मों की टॉप लिस्ट में होगी एंट्री?

अगर 'टॉक्सिक' अनुमान के मुताबिक 82 से 89 करोड़ रुपये की ओपनिंग हासिल करती है, तो वह भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली A-रेटेड फिल्मों की सूची में ऊंची जगह बना सकती है। मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक 'धुरंधर 2' करीब 145 करोड़ रुपये के साथ सबसे ऊपर है। इसके बाद 'सालार' ने 90.7 करोड़ रुपये और 'दे कॉल हिम ओजी' ने 84.7 करोड़ रुपये की ओपनिंग दर्ज की है। 'टॉक्सिक' की संभावित 82-89 करोड़ रुपये की कमाई उसे इस सूची में तीसरे या चौथे स्थान के आसपास पहुंचा सकती है।

यश की फिल्म से किन फिल्मों को खतरा?

'टॉक्सिक' की संभावित ओपनिंग ने कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड पर भी नजरें टिका दी हैं। अगर फिल्म 82 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार करती है तो रणबीर कपूर की 'एनिमल', जिसने 63.8 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी, काफी पीछे रह जाएगी। इसी तरह रणवीर सिंह की 'धुरंधर' की 28.6 करोड़ रुपये की ओपनिंग भी यश की फिल्म के मुकाबले काफी कम रहेगी। ऐसे में 'टॉक्सिक' के प्रदर्शन से यह साफ हो सकता है कि यश की लोकप्रियता का हिंदी बेल्ट समेत देशभर में कितना असर है।

रजनीकांत की 'कुली' का रिकॉर्ड भी निशाने पर

यश की फिल्म की अनुमानित ओपनिंग से सुपरस्टार रजनीकांत की 'कुली' भी प्रभावित हो सकती है। 'कुली' ने पहले दिन करीब 65 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। यदि 'टॉक्सिक' 82 करोड़ रुपये या उससे अधिक की शुरुआत करती है तो वह 'कुली' को पीछे छोड़ते हुए A-रेटेड फिल्मों की सूची में ऊपर पहुंच जाएगी।

27 अगस्त को सामने आएंगे असली आंकड़े

फिलहाल 'टॉक्सिक' की कमाई को लेकर सभी आंकड़े अनुमान और एडवांस बुकिंग के रुझानों पर आधारित हैं। फिल्म की वास्तविक ओपनिंग का पता रिलीज के बाद ही चलेगा। 26 अगस्त को सिनेमाघरों में दर्शकों की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की तस्वीर स्पष्ट होगी। पहले दिन की कमाई के आधिकारिक आंकड़े 27 अगस्त की सुबह तक सामने आने की उम्मीद है। इसके बाद ही तय होगा कि यश की 'टॉक्सिक' ने A-रेटेड फिल्मों के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड में कितनी बड़ी छलांग लगाई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it