'रामायण' के गाने 'मंगल रंग' में अरिजीत सिंह-श्रेया घोषाल की आवाज का जादू
मुंबई, निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों में उत्साह लगातार बढ़ रहा है।

मुंबई, निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को लेकर दर्शकों में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। फिल्म का नया गीत 'मंगल रंग' जारी किया गया है, जिसमें भगवान राम और माता सीता के प्रेम और समर्पण को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इस गीत का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है, जबकि अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी मधुर आवाज से इसे सजाया है।
एआर रहमान ने गाने को कंपोज करने के अनुभव के बारे में बात करते हुए कहा, '''रामायण' ऐसी कहानी है, जो कई पीढ़ियों से लोगों के दिलों में बसी हुई है। इस कहानी को संगीत के जरिए पेश करना मेरे लिए खास अनुभव रहा। भगवान राम और माता सीता के रिश्ते में एक खास पवित्रता और कोमलता है, जिसे मैं संगीत में उतारना चाहता था। मुझे उम्मीद है कि 'मंगल रंग' सुनने वालों के दिलों में प्रेम और भक्ति का भाव जगाएगा। कुछ कहानियों को शब्दों में समझाने की जरूरत नहीं होती, उन्हें सिर्फ महसूस किया जाता है।''
गाने में अपनी आवाज देने और 'रामायण' का हिस्सा बनने को लेकर अरिजीत सिंह ने कहा,'' 'रामायण' सिर्फ एक कहानी या महाकाव्य नहीं है, बल्कि यह जीवन, हमारी अंतरात्मा और हमारे आसपास की हर चीज से जुड़े रिश्तों को समझने का एक ऐसा नजरिया है, जो हमेशा प्रासंगिक रहेगा। एआर रहमान सर की कंपोज की गई 'मंगल रंग' की धुन मुझे शब्दों से परे एक ऐसी दुनिया में ले गई, जहां प्रेम अपने सबसे पवित्र रूप में खिलता है।"
अरिजीत ने आगे कहा, ''भगवान राम और माता सीता के रिश्ते की सच्चाई और कोमलता मुझे बार-बार उस प्रेम की याद दिलाती रही, जो अलग-अलग पहचान होने के बावजूद सभी को जोड़ता है। मेरे लिए इस गाने का हिस्सा बनना एक गहरा और बदल देने वाला अनुभव रहा। मुझे उम्मीद है कि यह गाना सुनने वालों तक भी प्रेम, आभार और भक्ति का वही भाव पहुंचाएगा, जिसे मैंने इसे गाते हुए महसूस किया।''
श्रेया घोषाल ने भगवान राम और माता सीता की प्रेम कहानी से जुड़ने के अपने अनुभव के बारे में कहा, ''उनके रिश्ते की खूबसूरती सिर्फ साथ रहने की खुशी में नहीं है। उनके बीच विश्वास, समझ और एक ऐसी शांत ताकत है, जो इस रिश्ते को खास बनाती है। 'मंगल रंग' गाते समय मैंने इस रिश्ते की कोमलता को महसूस करने की कोशिश की और पूरे दिल से इसे गाया। मेरे लिए ऐसी कहानी का हिस्सा बनना गर्व और आभार की बात है, जो इतने सारे लोगों के लिए मायने रखती है। मुझे उम्मीद है कि यह गाना सुनने वालों को सुकून और अपनापन महसूस कराएगा और वे राम-सीता के रिश्ते की खूबसूरती को अपने तरीके से समझ पाएंगे।''
'मंगल रंग' के अलग-अलग भाषाओं वाले वर्जन में कई मशहूर सिंगर्स ने अपनी आवाज दी है। हिंदी वर्जन को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने गाया है, जबकि तमिल में अभय जोधपुरकर और सैंधवी की आवाज सुनाई देगी। तेलुगु वर्जन को राघव कौशिक और वैशाली सामंत ने गाया है। कन्नड़ वर्जन में अरमान मलिक और बेला शेंडे की आवाज है, जबकि मलयालम वर्जन को नरेश अय्यर और अमृता राजन ने गाया है।
गाने के हिंदी बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। वहीं, तमिल वर्जन के लिरिक्स कार्तिक नेथा, कन्नड़ के कार्तिक सरगुर और मलयालम वर्जन के बोल विनायक शशिकुमार ने लिखे हैं। फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी एआर रहमान ने संभाली है।
नमित मल्होत्रा की इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगे। गाना हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सहित पांच भाषाओं में एक साथ रिलीज किया गया है।
फिल्म में रणबीर कपूर और साई पल्लवी के अलावा, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है।
'रामायण' का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा। वहीं, फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2027 पर रिलीज करने की योजना है।


