Top
Begin typing your search above and press return to search.

फरहान के कॉन्सर्ट में झूम उठी पूरी भीड़

मुंबई, अभिनेता-गायक फरहान अख्तर की 2013 की फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' के गाने 'जिंदा' आज भी लोगों के दिलों में वैसा ही जोश भर देता है।

फरहान के कॉन्सर्ट में झूम उठी पूरी भीड़
X

मुंबई, अभिनेता-गायक फरहान अख्तर की 2013 की फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' के गाने 'जिंदा' आज भी लोगों के दिलों में वैसा ही जोश भर देता है। इसका नजारा हाल ही में फरहान के लाइव कॉन्सर्ट में देखने को मिला, जहां हजारों लोगों ने उनके साथ मिलकर ये गाना गाया और पूरा माहौल जोश से भर गया।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर अपने लाइव कॉन्सर्ट का वीडियो पोस्ट किया, जिसमें ऑडियंस गाने की हुक लाइन गा रही है और बीच-बीच में वह भी उनके साथ गा रहे हैं। अभिनेता ने बताया कि किसी गाने को स्टेज से आगे बढ़कर पूरे एरिना में एक साथ गूंजते देखना जादू जैसा लगता है। फरहान अख्तर ने लिखा, "वो पल जब एक गाना स्टेज से निकलकर पूरे एरिना में सबकी धड़कन बन जाता है, वो जादू जैसा लगता है। हर बार रोंगटे खड़े कर देता है। एक ऐसी भीड़ जिसे भूलना नामुमकिन है।"

अभिनेता का यह वीडियो उनके इंडस्ट्री के साथी-कलाकारों और दोस्तों को भी पसंद आ रहा है। जोया अख्तर, दिव्येंदु समेत कई कलाकारों ने कमेंट सेक्शन में अपनी प्रतिक्रिया दी।

2013 की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' का गाना 'जिंदा' केवल एक फिल्मी गीत नहीं बल्कि युवाओं और फिटनेस प्रेमियों के लिए एक 'एंथम' बन गया है। प्रसून जोशी द्वारा लिखे गए, शंकर-एहसान-लॉय द्वारा संगीतबद्ध और सिद्धार्थ महादेवन की शक्तिशाली आवाज में गाए गए इस गाना रिलीज के बाद से ही जिम जाने वालों, एथलीटों और धावकों की प्लेलिस्ट का स्थायी हिस्सा बन गया।

फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' की बात करें तो यह राकेश ओमप्रकाश मेहरा द्वारा निर्देशित एक स्पोर्ट्स बायोपिक ड्रामा फिल्म है। यह महान भारतीय एथलीट और ओलंपियन मिल्खा सिंह के जीवन पर आधारित है, जो कॉमनवेल्थ गेम्स के चैंपियन और एशियन गेम्स के दो बार के 400 मीटर चैंपियन थे।

फिल्म में फरहान अख्तर के साथ आर्ट मलिक, दिव्या दत्ता, पवन मल्होत्रा, योगराज सिंह, प्रकाश राज और मीशा शफी सपोर्टिंग रोल में हैं जबकि सोनम कपूर स्पेशल अपीयरेंस में नजर आई थीं। भाग मिल्खा भाग फिल्म 'द रेस ऑफ माई लाइफ' किताब से प्रेरित है। मिल्खा सिंह ने फिल्म के राइट्स सिर्फ एक रुपये में बेचे थे और एक शर्त रखी थी कि फिल्म से होने वाले मुनाफे का एक हिस्सा मिल्खा सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट को दिया जाएगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it