Top
Begin typing your search above and press return to search.

बैंड के साथ स्टेज पर लौटीं टेलर स्विफ्ट

मुंबई, ग्रैमी अवॉर्ड विनर सिंगर टेलर स्विफ्ट ने अपनी एक यादगार शाम की झलक सोशल मीडिया पर शेयर की है।

बैंड के साथ स्टेज पर लौटीं टेलर स्विफ्ट
X

मुंबई, ग्रैमी अवॉर्ड विनर सिंगर टेलर स्विफ्ट ने अपनी एक यादगार शाम की झलक सोशल मीडिया पर शेयर की है। लॉस एंजिल्स के एकेडमी म्यूजियम में आयोजित इस खास मौके पर टेलर ने करीब दो साल बाद पहली बार अपने बैंड के साथ परफॉर्म किया।

सिंगर ने इस शाम की तस्वीरें और अपना अनुभव इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए म्यूजियम का शुक्रिया अदा किया। इस दौरान उन्हें अपनी अपकमिंग फिल्म 'टॉय स्टोरी 5' की टीम के साथ भी वक्त बिताने का मौका मिला।

टेलर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ''म्यूजियम में बिताई ऐसी शाम, जिसे मैं कभी नहीं भूलूंगी। हमें आमंत्रित करने के लिए एकेडमी म्यूजियम का शुक्रिया। करीब दो साल बाद दोबारा अपने बैंड के साथ परफॉर्म करना एक अलग ही एहसास था। साथ ही मुझे अपनी 'टॉय स्टोरी 5' की फैमिली के साथ बैठने और वक्त बिताने का मौका भी मिला।''

एकेडमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित लॉस एंजिल्स में है। यह म्यूजियम साल 2021 में खुला था और फिल्मों की दुनिया को समर्पित है। यहां सिनेमा के इतिहास, फिल्ममेकिंग, तकनीक और इससे जुड़े कलाकारों के योगदान को दिखाया गया है। म्यूजियम में एकेडमी कलेक्शन का हिस्सा भी मौजूद है, जिसमें फिल्मों से जुड़ी बड़ी संख्या में ऐतिहासिक चीजें और रिकॉर्ड शामिल हैं।

टेलर स्विफ्ट दुनिया की सबसे पॉपुलर सिंगर्स में से एक हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत कंट्री म्यूजिक से की थी, लेकिन बाद में पॉप म्यूजिक में भी अपनी अलग पहचान बनाई। 'टियरड्रॉप्स ऑन माई गिटार', 'लव स्टोरी' और 'यू बिलॉन्ग विद मी' जैसे गानों ने उन्हें बड़ी पहचान दिलाई।

इसके बाद 'वी आर नेवर एवर गेटिंग बैक टुगेदर', 'शेक इट ऑफ', 'ब्लैंक स्पेस', 'बैड ब्लड' और 'लुक व्हाट यू मेड मी डू' जैसे गानों ने भी चार्ट्स पर शानदार प्रदर्शन किया।

टेलर स्विफ्ट के नाम कई बड़े अवॉर्ड भी हैं। वह 14 ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुकी हैं और ग्रैमी के 'एल्बम ऑफ द ईयर' कैटेगरी में चार बार जीत दर्ज करने वाली पहली कलाकार हैं। इसके अलावा, उन्हें प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड भी मिल चुका है। अमेरिकन म्यूजिक अवॉर्ड्स, बिलबोर्ड म्यूजिक अवॉर्ड्स और एमटीवी वीडियो म्यूजिक अवॉर्ड्स में भी उन्होंने कई पुरस्कार अपने नाम किए हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it