Top
Begin typing your search above and press return to search.

कंगना के 'सस्ती कॉपी' वाले तंज पर तापसी का जवाब

मुंबई, बॉलीवुड की दो चर्चित अभिनेत्रियों कंगना रनौत और तापसी पन्नू के बीच पुरानी जुबानी तकरार एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

कंगना के सस्ती कॉपी वाले तंज पर तापसी का जवाब
X

मुंबई, बॉलीवुड की दो चर्चित अभिनेत्रियों कंगना रनौत और तापसी पन्नू के बीच पुरानी जुबानी तकरार एक बार फिर चर्चा में आ गई है। शनिवार को कंगना ने एक पोस्ट के जरिए बिना नाम लिए तापसी पर निशाना साधा और उन्हें फिर से 'सस्ती कॉपी' कहा। कंगना ने आरोप लगाया कि तापसी ने उनकी परवरिश और माता-पिता को लेकर टिप्पणी की है। अब तापसी ने भी बिना किसी का नाम लिए सिर्फ दो शब्दों की ऐसी पोस्ट शेयर की, जिसे कंगना के बयान से जोड़कर देखा जा रहा है।

दरअसल, कंगना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में बिना किसी का नाम लिए एक पोस्ट साझा किया था, जिसे उन्होंने बाद में डिलीट भी कर दिया था। उन्होंने अपनी में लिखा था, ''एक सस्ती कॉपी अपनी आने वाली बी-ग्रेड फिल्म के साथ घूम रही है, लेकिन हमेशा की तरह मीडिया के सामने उनके पास बात करने के लिए सिर्फ कंगना रनौत का नाम है। आज उन्होंने बेशर्मी से मेरी परवरिश और माता-पिता का मजाक उड़ाते हुए सारी हदें पार कर दीं।''

उन्होंने आगे लिखा, ''मेरा मानना है कि हर माता-पिता अपने बच्चों के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश करते हैं। मैं कभी किसी बहस में किसी के माता-पिता को नहीं घसीटती, लेकिन आज मैं उनके माता-पिता से भी पूछना चाहती हूं कि वो मेरे माता-पिता की तरह कोई ओरिजिनल इंसान क्यों नहीं पैदा कर पाए? ऐसी सस्ती कॉपी क्यों? आपकी कोशिशों के लिए सच में दुख होता है।''

इस पोस्ट के बाद तापसी ने सीधे तौर पर कंगना का नाम लिए बिना जवाब दिया। उन्होंने रविवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा था, 'इसलिए, साबित हो गया।' तापसी के इस पोस्ट का समय और इससे पहले कंगना की ओर से की गई टिप्पणी को देखते हुए इसे उसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

हाल ही में तापसी ने मीडिया से कंगना के साथ अपने कनेक्शन को लेकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि वह कंगना से व्यक्तिगत रूप से नहीं मिली हैं। उनकी राय उनके बातचीत करने के तरीके और चीजों को देखने के अंदाज से बनी है।

तापसी ने कहा था कि किसी व्यक्ति का बात करने और चीजों को देखने का तरीका उसके बारे में काफी कुछ बताता है। इतना सब लोगों के सामने है कि हर कोई खुद तय कर सकता है कि कौन कहां से आया है और उसकी सोच किस तरह की है।

कंगना और तापसी के बीच विवाद की शुरुआत भी कई साल पहले हुई थी। साल 2019 में दोनों के बीच जुबानी टकराव सामने आया था। इसके बाद कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने सोशल मीडिया पर तापसी को कंगना की 'सस्ती कॉपी' कहा था। उस समय भी यह टिप्पणी काफी चर्चा में रही थी और दोनों अभिनेत्रियों के बीच चल रहे विवाद ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it