Top
Begin typing your search above and press return to search.

सुधा चंद्रन ने सिंगीतम को याद कर भावुक हुईं

मुंबई, एक्ट्रेस और क्लासिकल डांसर सुधा चंद्रन ने दिग्गज फिल्ममेकर सिंगीतम श्रीनिवास राव को याद करते हुए उन्हें फिल्मों की दुनिया में अपना 'पहला गुरु' बताया। सिंगीतम के निर्देशन में बनी फिल्म 'मयूरी' से तेलुगु सिनेमा में डेब्यू करने वाली सुधा ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सुधा चंद्रन ने सिंगीतम को याद कर भावुक हुईं
X

मुंबई, एक्ट्रेस और क्लासिकल डांसर सुधा चंद्रन ने दिग्गज फिल्ममेकर सिंगीतम श्रीनिवास राव को याद करते हुए उन्हें फिल्मों की दुनिया में अपना 'पहला गुरु' बताया। सिंगीतम के निर्देशन में बनी फिल्म 'मयूरी' से तेलुगु सिनेमा में डेब्यू करने वाली सुधा ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सुधा चंद्रन ने सिंगीतम को याद करते हुए लिखा, ''फिल्मों में मेरे पहले गुरु... मुझे अपनी एक्टिंग और तकनीकी काम के लिए जब भी तारीफ मिलती है, तो उसके लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद, सर।''

उन्होंने कहा, ''मेरे करियर के शुरुआती दौर में सिंगीतम ने मेरा काफी मार्गदर्शन दिया और अभिनय को निखारने में अहम भूमिका निभाई। मैं 'गीली मिट्टी' की तरह थीं। उन्होंने मुझे खूबसूरत आकार देकर संवारा, एक दूरदर्शी और नेक इंसान, जो हमेशा मुस्कुराते रहते थे, उनके बारे में लिखना मेरे लिए बेहद दर्दनाक है। उनके निधन की खबर से मेरा दिल काफी दुख रहा है।''

सिंगीतम श्रीनिवास राव का 95 साल की उम्र में निधन हो गया। अपने अलग तरह के कहानी कहने के अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले सिंगीतम ने तेलुगु, तमिल, हिंदी समेत कई भारतीय भाषाओं में फिल्में बनाईं। उनके निर्देशन में 'राजा पारवाई', 'अपूर्वा सहोधररगल', 'माइकल मदना कामा राजन', 'कधला कधला' और 'लिटिल जॉन' जैसी फिल्में बनीं।

उनके निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों और फिल्ममेकर्स ने उन्हें याद किया। विजय देवरकोंडा, कमल हासन, एस. एस. राजामौली, विष्णु मांचू, रवि तेजा, नानी और जूनियर एनटीआर समेत कई सितारों ने सिंगीतम को श्रद्धांजलि दी और भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को याद किया।

एस.एस. राजामौली ने फिल्ममेकर को याद करते हुए लिखा, ''सिंगितम श्रीनिवास राव के निधन की खबर बेहद दुखद है। 'आदित्य 369', 'पुष्पक विमान' और 'मयूरी' जैसी फिल्में बनाने वाले सिंगितम ऐसे फिल्ममेकर थे, जिन्होंने अपने समय से आगे की सोच के साथ काम किया। उनकी फिल्मों में ऐसा नजरिया था, जो आज भी नई पीढ़ी को उतना ही ताजा महसूस होता है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।''

अभिनेता जूनियर एनटीआर ने भी सिंगितम के निधन पर दुख जताया और उनके सिनेमा में दिए योगदान को याद किया। उन्होंने लिखा, ''यह खबर कि सिंगितम श्रीनिवास राव अब नहीं रहे, बहुत दुख देने वाली है। उन्होंने अपनी अलग कहानी और नए अंदाज से दर्शकों के बीच खास जगह बनाई। उनका जाना सिनेमा के लिए बड़ी क्षति है। मैं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।''

वहीं, कमल हासन ने सिंगितम श्रीनिवास राव के निधन पर भावुक श्रद्धांजलि दी।दोनों के बीच लंबे समय से करीबी पेशेवर और निजी रिश्ता रहा है। कमल हासन ने लिखा, ''सिंगितम ने अपनी जिंदगी में हमेशा युवापन और नई सोच को जिंदा रखा। वह अपने दोस्तों और शिष्यों के साथ कदम से कदम मिलाकर चले और उनका हाथ थामे रखा, मैं उनमें से एक हूं। जब से मैंने सिंगितम को जाना है, तब से उन्हें पसंद करता आया हूं। मैं उनकी तरह जिंदगी जीना चाहता हूं।''


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it