Top
Begin typing your search above and press return to search.

दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे सुदेश बेरी और राखी सावंत

मुंबई, उत्तराखंड के नरेंद्रनगर में कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद अब लगातार चर्चा में है।

दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे सुदेश बेरी और राखी सावंत
X

मुंबई, उत्तराखंड के नरेंद्रनगर में कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर शुरू हुआ विवाद अब लगातार चर्चा में है। मंच पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की नाराजगी और गायक को फटकार लगाए जाने के बाद इस मामले में मनोरंजन जगत के कलाकार भी अपनी राय रख रहे हैं। अब एक्टर सुदेश बेरी और राखी सावंत ने दलेर मेहंदी का समर्थन किया है।

सुदेश ने सार्वजनिक मंच पर किसी कलाकार को अपमानित किए जाने पर सवाल उठाए, वहीं राखी ने भी कहा कि अगर किसी कलाकार को कार्यक्रम के लिए बुलाया जाता है, तो उसके सम्मान का ध्यान रखना चाहिए।

एक्टर सुदेश बेरी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर इस पूरे मामले को अजीब बताते हुए कहा, ''किसी कलाकार की परफॉर्मेंस को लेकर शिकायत हो सकती है, लेकिन उसे सबके सामने अपमानित करना सही नहीं है। इंसान की सेहत हमेशा एक जैसी नहीं रहती। कभी-कभी तबीयत खराब हो सकती है और कलाकार भी आखिर इंसान ही हैं। दलेर मेहंदी ने अपनी पूरी जिंदगी संगीत को दी है और अपने गानों से लोगों को खुशियां दी हैं। ऐसे में उनके योगदान और भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।''

एक्टर ने कहा, ''समाज में कुछ ऐसे लोग होते हैं, जिनसे दूसरों को प्रेरणा मिलती है। कलाकारों के अलावा सेना के जवानों और वैज्ञानिकों का भी सम्मान किया जाना चाहिए। मेरी लोगों से अपील की कि इस मामले को जल्दबाजी में किसी नतीजे पर पहुंचने के बजाय समझदारी और इंसानियत के साथ देखा जाए।''

सुदेश ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ''मैं पूरे दिल से दलेर मेहंदी जी के साथ हूं। किसी की प्रस्तुति या काम को लेकर नाराजगी हो सकती है, लेकिन अपनी बात सम्मान और संवेदनशीलता के साथ भी रखी जा सकती है। एक कलाकार अपनी पहचान और सम्मान बनाने में पूरी जिंदगी लगा देता है, इसलिए उसके काम और भावनाओं की कद्र होनी चाहिए।''

वहीं एक्ट्रेस राखी सावंत भी दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आई। उन्होंने सिंगर को अपना भाई बताते हुए कहा, ''मैं उन्हें कई सालों से जानती हूं और उनके साथ गाने भी कर चुकी हूं। दलेर मेहंदी के साथ मेरे परिवार जैसे रिश्ते हैं। उन्होंने कभी शराब नहीं पी। उम्र बढ़ने के साथ किसी को भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो सकती है। ऐसे में किसी कलाकार की तबीयत को समझने के बजाय उसकी बेइज्जती करना ठीक नहीं है। अगर आयोजक किसी सेलिब्रिटी को कार्यक्रम में बुलाते हैं, तो उन्हें सम्मान भी देना चाहिए।''

दरअसल, उत्तराखंड के नरेंद्रनगर में आयोजित कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के दौरान विवाद हुआ था। आरोप है कि कुछ गानों में उनकी आवाज के बजाय रिकॉर्डेड ट्रैक सुनाई दिया, जिससे दर्शक नाराज हो गए। इसके बाद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और गायक को फटकार लगाई। विवाद के बाद दलेर मेहंदी ने अपनी तबीयत ठीक नहीं होने की बात कही थी। उनके मुताबिक, वह लाइव गाने की स्थिति में नहीं थे और कार्यक्रम जारी रखने के लिए उन्हें रिकॉर्डेड ट्रैक का सहारा लेना पड़ा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it