Top
Begin typing your search above and press return to search.

'द लीजेंड ऑफ हनुमान' सीजन 7 में फिर रावण की आवाज बनेंगे शरद केलकर

मुंबई, एक्टर शरद केलकर एक बार फिर एनिमेटेड सीरीज 'द लीजेंड ऑफ हनुमान' के सीजन- 7 में रावण को अपनी आवाज देते नजर आएंगे।

द लीजेंड ऑफ हनुमान सीजन 7 में फिर रावण की आवाज बनेंगे शरद केलकर
X

मुंबई, एक्टर शरद केलकर एक बार फिर एनिमेटेड सीरीज 'द लीजेंड ऑफ हनुमान' के सीजन- 7 में रावण को अपनी आवाज देते नजर आएंगे। उन्होंने इस सीरीज का हिस्सा बनने पर खुशी जाहिर की है।

शरद का कहना है कि भारतीय संस्कृति और पौराणिक कथाओं में किरदारों की खास जगह है। इन्हें पीढ़ियों से पसंद किया जाता रहा है। सीरीज का नया सीजन 23 अक्टूबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा।

शरद केलकर ने सीरीज में अपने किरदार और नए सीजन को लेकर कहा, ''मैं 'द लीजेंड ऑफ हनुमान' का हिस्सा बनकर काफी खुश हूं। यह शो हमारी पौराणिक कथाओं की उन कहानियों को जीवंत करता है, जो लंबे समय से हमारी संस्कृति का हिस्सा रही हैं। ऐसी कहानी और किरदार से जुड़ना खास है, जिन्हें कई पीढ़ियों से पसंद किया जाता रहा है।''

उन्होंने कहा, ''सीजन 7 में हनुमान की यात्रा एक नए मोड़ पर पहुंचेगी। इस बार दर्शकों को उनकी दिव्यता और उनके भीतर छिपी अपार शक्ति के ऐसे रूप देखने को मिलेंगे, जिन्हें उन्होंने पहले नहीं देखा होगा। नए सीजन में एक्शन और इमोशन दोनों देखने को मिलेंगे, लेकिन हनुमान की शक्तियों का धीरे-धीरे सामने आना इसे खास बनाएगा।''

मेकर्स ने सोमवार को सोशल मीडिया पर सीजन 7 का ट्रेलर रिलीज किया। इसके साथ कैप्शन में लिखा गया, ''मृत्यु बाण से बजरंगबली लिखेंगे रावण की कहानी का अंत।''

ट्रेलर में इस बार लंका की लड़ाई अपने सबसे मुश्किल दौर में पहुंचती दिखाई देगी। रावण पहले से ज्यादा शक्तिशाली हो चुका है और वानर सेना की उम्मीदें कमजोर पड़ने लगती हैं। ऐसे में हनुमान एक ऐसे अस्त्र की तलाश में निकलते हैं, जो रावण को हमेशा के लिए हराने में मदद कर सके।

हनुमान की यह खोज उन्हें युद्ध के मैदान से बहुत दूर और अलग-अलग युगों तक ले जाती है। इस सफर में उन्हें भगवान राम के अतीत से जुड़ी कुछ ऐसी बातें पता चलती हैं, जिन्हें भुला दिया गया था। उनकी यात्रा मृत्यु के लोक तक भी पहुंचती है। इसी दौरान हनुमान को एक ऐसे रहस्य का पता चलता है, जो उन्हें अपनी ही दिव्य शक्तियों को नए तरीके से समझने में मदद करता है।

सीरीज के क्रिएटर, राइटर और ग्राफिक इंडिया के को-फाउंडर व सीईओ शरद देवराजन ने भी नए सीजन को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि 'द लीजेंड ऑफ हनुमान' बनाना उनकी जिंदगी के सबसे खास अनुभवों में से एक रहा है। जियोहॉटस्टार के साथ पार्टनरशिप की वजह से इस दुनिया को आगे बढ़ाने और कहानी की अलग-अलग परतों को दर्शकों तक पहुंचाने का मौका मिला है।

ग्राफिक इंडिया के प्रोडक्शन में बनी 'द लीजेंड ऑफ हनुमान' का नया सीजन दशहरा वीक के दौरान 23 अक्टूबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it