हम आपके हैं कौन के सेट पर डेविड धवन को नहीं पहचान पाई थीं रेणुका शहाणे
मुंबई, अभिनेत्री रेणुका शहाणे हाल ही में माधुरी दीक्षित के क्विज रियलिटी शो 'कौन होणार करोडपती' में गई थीं। इस दौरान उन्होंने फिल्म 'हम आपके हैं कौन' के सेट से जुड़ा किस्सा याद किया।

मुंबई, अभिनेत्री रेणुका शहाणे हाल ही में माधुरी दीक्षित के क्विज रियलिटी शो 'कौन होणार करोडपती' में गई थीं। इस दौरान उन्होंने फिल्म 'हम आपके हैं कौन' के सेट से जुड़ा किस्सा याद किया।
अभिनेत्री रेणुका शहाणे ने बताया कि एक बार फिल्ममेकर डेविड धवन फिल्म 'हम आपके हैं कौन' के सेट पर आए थे, चूंकि वह इंडस्ट्री में नई थीं, इसलिए वह उन्हें पहचान नहीं पाई थीं।
रेणुका ने बताया कि माधुरी ने उन्हें बुलाया और डायरेक्टर से मिलने के लिए कहा लेकिन वह समझ नहीं पा रही थीं कि वह कौन हैं क्योंकि वहां पांच लोग एक साथ बैठे हुए थे। उस किस्से को याद करते हुए रेणुका शहाणे ने कहा, "एक बार डेविड धवन जी फिल्म 'हम आपके हैं कौन' के सेट पर आए थे। उस समय मैं फिल्म इंडस्ट्री में नई आई थी और ज्यादा लोगों को जानती नहीं थी, तभी माधुरी ने मुझे आवाज दी कि शहाणे इधर आओ।"
माधुरी ने कहा, "हां, मैं उसे 'शहाणे' कहकर बुलाती थी।" रेणुका ने बताया, "फिर माधुरी ने मुझसे कहा, 'इनसे मिलो। ये बहुत बड़े डायरेक्टर हैं।' वहां तीन-चार लोग बैठे थे और मैं समझने की कोशिश कर रही थी कि उनमें से डेविड धवन कौन हैं। फिर, उनकी तरफ इशारा करते हुए माधुरी ने कहा, 'तुम्हें नहीं पता ये कौन हैं? तुम इस इंडस्ट्री में हो और तुम्हें नहीं पता ये कौन हैं?' मैं रोने लगी। फिर डेविड जी हंसे और बोले, 'अरे, ऐसी कोई बात नहीं है। मैं कोई इतना बड़ा डायरेक्टर नहीं हूं।' तब तक वो बड़े डायरेक्टर बन चुके थे। फिर माधुरी ने मुझे पास खींचा और कहा कि मैं तुम्हें डेविड धवन से मिलवाना चाहती थी।"
बता दें कि माधुरी दीक्षित और रेणुका शहाणे ने 1994 में रिलीज हुई फिल्म 'हम आपके हैं कौन' में साथ काम किया था। दोनों एक्ट्रेसेस ने फिल्म में बहनों का किरदार निभाया था जिसमें रेणुका ने पूजा और माधुरी ने निशा का रोल किया था। मशहूर निर्देशक सूरज बड़जात्या के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में सलमान खान, अनुपम खेर, रीमा लागू, मोहनीश बहल, आलोक नाथ जैसे कई बड़े कलाकार भी थे।


