Top
Begin typing your search above and press return to search.

आवाज में भावनाएं होंगी तभी दिलों तक पहुंचेगी: अनु मलिक

मुंबई, मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनु मलिक सिंगिंग रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा 2026' में स्पेशल जज के तौर पर शामिल हुए।

आवाज में भावनाएं होंगी तभी दिलों तक पहुंचेगी: अनु मलिक
X

मुंबई, मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनु मलिक सिंगिंग रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा 2026' में स्पेशल जज के तौर पर शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संगीत को लेकर नजरिया पेश किया और कहा कि किसी गाने को खूबसूरत बनाने के लिए सुर और ताल के साथ उसमें भावनाओं का होना भी बेहद जरूरी है। यह बात मायने रखती है कि एक सिंगर अपने गाने के जरिए सुनने वालों को कितना महसूस करा पाता है।

अनु मलिक लंबे समय बाद एक बार फिर 'सा रे गा मा पा' के मंच पर वापसी कर रहे हैं। इस शो से उनका पुराना जुड़ाव रहा है और यह चौथी बार होगा, जब वह इस मंच पर जज की भूमिका निभाते नजर आएंगे।

शो में इस सीजन शंकर महादेवन, जावेद अली, नीति मोहन और कुमार सानू जज की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जबकि एक्टर श्रेयस तलपड़े इसे होस्ट कर रहे हैं।

शो में अपनी वापसी और संगीत को लेकर अपने विचार साझा करते हुए अनु मलिक ने एक बयान में कहा, ''मैं पिछले कई सालों से 'सा रे गा मा पा' से जुड़ा रहा हूं, इसलिए इस शो में वापस आना मेरे लिए कई खूबसूरत यादें ताजा करने जैसा है। संगीत के बीच रहना और ऐसे युवा सिंगर्स से मिलना हमेशा खुशी देता है, जिनमें बहुत जुनून और क्षमता है।''

उन्होंने कहा, ''मेरा हमेशा से मानना रहा है कि गायकी सिर्फ सुर और ताल के बारे में नहीं है, बल्कि यह उस भावना के बारे में है, जिसे आप गाने में लेकर आते हैं और सुनने वाले को कैसा महसूस कराते हैं। हर सिंगर का अपना अंदाज और अपनी कहानी होती है। यही बात संगीत को इतना खूबसूरत बनाती है।''

अनु मलिक ने कहा, ''हर गायक की अपनी एक अलग पहचान होती है। कोई अपनी आवाज से लोगों को प्रभावित करता है, तो कोई गाने में अपनी भावनाएं इस तरह शामिल करता है कि सुनने वाला उससे जुड़ जाता है। यही वजह है कि एक ही गाने को अलग-अलग सिंगर अपने अंदाज में गाते हैं और हर बार उसका अनुभव अलग होता है। किसी गायक की असली खूबी सिर्फ उसकी आवाज में नहीं, बल्कि गाने को समझने और उसे महसूस करके गाने में भी होती है।''

अनु ने 'सा रे गा मा पा' शो की तारीफ करते हुए कहा, ''यह शो लगातार नए टैलेंट को खोजने और उन्हें आगे बढ़ने का मौका दे रहा है। यह मंच 'हिंदुस्तान का संगीतस्थान' है। ऐसे प्लेटफॉर्म की वजह से युवा गायकों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। मैं इस म्यूजिकल सेलिब्रेशन का हिस्सा बनने और नई पीढ़ी के सिंगर्स की प्रतिभा देखने के लिए उत्साहित हूं।''


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it