Top
Begin typing your search above and press return to search.

ओलिविया कोलमैन ने बताया अपनी शादी का राज

लॉस एंजेलिस, हॉलीवुड अभिनेत्री ओलिविया कोलमैन ने निर्माता एड सिंक्लेयर के साथ अपनी लंबी शादी का राज साझा किया है।

ओलिविया कोलमैन ने बताया अपनी शादी का राज
X

लॉस एंजेलिस, हॉलीवुड अभिनेत्री ओलिविया कोलमैन ने निर्माता एड सिंक्लेयर के साथ अपनी लंबी शादी का राज साझा किया है। अभिनेत्री का कहना है कि रिश्ते को लंबे समय तक मजबूत बनाए रखने के लिए एक-दूसरे के प्रति दयालु रहना और सही समय पर शांत तरीके से अपनी बात रखना जरूरी है।

ओलिविया और एड ने अगस्त 2001 में शादी की थी। दोनों की मुलाकात 1990 के दशक में कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में हुई थी। उस समय वे एलन आयकबॉर्न के नाटक 'टेबल मैनर्स' के एक प्रोडक्शन पर साथ काम कर रहे थे। यह प्रोडक्शन कैम्ब्रिज फुटलाइट्स से जुड़ा था, जो छात्रों की स्केच कॉमेडी सोसाइटी है।

अभिनेत्री ने अपनी और अलेक्जेंडर स्कार्सगार्ड की नई फिल्म 'विकर' के बारे में बातचीत के दौरान टिकटॉक पर चर्चित कपल बेनेडिक्ट और हन्ना टाउनसेंड से भी बात की। शादी के चार साल पूरे कर चुके इस कपल ने 52 वर्षीय ओलिविया से पूछा कि वे भी उनकी तरह शादी के 25 साल कैसे पूरे कर सकते हैं।

इस पर ओलिविया ने कहा, "एक-दूसरे के प्रति दयालु रहें। हमने वर्षों के दौरान यह सीखा है कि कुछ बातों को लेकर तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचना चाहिए। मैंने एक ऐसे व्यक्ति को सुना था, जिसकी शादी को लगभग 50 साल हो चुके थे। उन्होंने कहा था कि कभी-कभी वे बातें भी मायने रखती हैं, जो आप नहीं कहते।"

उन्होंने आगे कहा कि यह सलाह समझदारी भरी है, हालांकि हर कोई इससे सहमत नहीं होगा। इसलिए किसी मुद्दे को उठाने के लिए सही समय का इंतजार करना चाहिए और अपनी बात अच्छे तरीके से रखनी चाहिए।

'द क्राउन' में अपने अभिनय के लिए मशहूर ओलिविया ने बताया कि वह और उनके पति आमतौर पर बहस नहीं करते। उन्होंने कहा, "मुझे टकराव पसंद नहीं है और मेरे पति भी ऐसे ही हैं। लेकिन हमने वर्षों में यह सीखा है कि किसी बात से परेशानी हुई हो, तो उसके बारे में शांत तरीके से बात करनी चाहिए।"

अभिनेत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि वे अपने पति से कह सकती हैं, "मंगलवार को जो हुआ था, क्या हम उसके बारे में बात कर सकते हैं?" उनके मुताबिक, किसी मुद्दे पर बातचीत करने के लिए शांत और सहज समय चुनना बेहतर रहता है।

उन्होंने कहा कि कई बार बातचीत शुरू करने पर सामने वाला पूछता है कि आखिर किस बात की चर्चा हो रही है, क्योंकि संभव है कि दोनों में से किसी ने उस घटना पर ध्यान ही न दिया हो। लेकिन यदि किसी एक व्यक्ति को उससे ठेस पहुंची है, तो उस मुद्दे पर बातचीत करके उसे सुलझाना जरूरी है।

ओलिविया ने यह भी कहा कि कुछ लोगों के लिए किसी घटना के तुरंत बाद, भावनाओं के बीच बातचीत करना कारगर हो सकता है, लेकिन उनके लिए यह तरीका काम नहीं करता।

ओलिविया की यह सलाह उनकी उस टिप्पणी के कुछ महीने बाद आई है, जिसमें उन्होंने खुद को नॉन-बाइनरी महसूस करने और अपने पति से खुद को हमेशा "गे पुरुष" के रूप में वर्णित करने की बात कही थी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it