Top
Begin typing your search above and press return to search.

90 के दशक में ले जाएगा नया तमिल शो 'नोटबुक 90- कधल फ्लैशबैक'

मुंबई, तमिल शो 'नोटबुक 90-कधल फ्लैशबैक' दर्शकों को 90 के दशक के त्रिची की गलियों और स्कूल के दिनों में ले जाने के लिए तैयार है।

90 के दशक में ले जाएगा नया तमिल शो नोटबुक 90- कधल फ्लैशबैक
X

मुंबई, तमिल शो 'नोटबुक 90-कधल फ्लैशबैक' दर्शकों को 90 के दशक के त्रिची की गलियों और स्कूल के दिनों में ले जाने के लिए तैयार है। मुज्जम्मिल एलियास और युवा स्टारर यह हाईस्कूल ड्रामा, पहले क्रश, दोस्तों के साथ बिताए यादगार पलों और टीनएज लव की कहानी दिखाएगा।

शो में उस दौर की मासूमियत को दिखाया जाएगा, जब दोस्ती और प्यार का इजहार सोशल मीडिया या इंस्टेंट मैसेज के जरिए नहीं बल्कि बातचीत, हाथ से लिखे नोट्स और चुपके से देख लेने जैसी छोटी-छोटी बातों से होता था।

शो के कॉन्सेप्ट के बारे में बात करते हुए डायरेक्टर मिथरन आर. जवाहर ने कहा, ''90 के दशक की एक खास मासूमियत थी, जिसे आज के दौर में दोबारा दिखाना आसान नहीं है। उस समय इंस्टेंट मैसेज या सोशल मीडिया नहीं था, इसलिए दोस्ती और प्यार धीरे-धीरे आगे बढ़ते थे। बातचीत करना, किसी का इंतजार करना, हाथ से लिखे नोट्स देना और कभी-कभी सिर्फ एक नजर ही बहुत कुछ कह जाती थी।''

उन्होंने कहा, '''नोटबुक 90- कधल फ्लैशबैक' के जरिए हम उन छोटे-छोटे पलों को फिर से सामने लाना चाहते थे, जिन्होंने बड़े होने के उस दौर को खास बनाया। कहानी भले ही 90 के दशक के त्रिची में सेट है, लेकिन इसमें दिखने वाली भावनाएं हर दौर के लोगों से जुड़ती हैं। मुझे उम्मीद है कि उस समय में बड़े हुए लोगों को यह शो पुरानी यादों से भरी नोटबुक खोलने जैसा लगेगा। वहीं, आज की युवा पीढ़ी को उस सरल और खूबसूरत दौर की झलक देखने को मिलेगी।''

स्ट्रीटलाइट पिक्चर्स के प्रोडक्शन में बना यह शो सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया के नए तमिल जनरल एंटरटेनमेंट चैनल सोनी विझा की प्रोग्रामिंग लाइन-अप का हिस्सा होगा। चैनल 19 अक्टूबर को लॉन्च होगा। 'इथु नम्मा वाइब' की सोच के साथ शुरू हो रहा यह चैनल तमिल कल्चर से जुड़ा मनोरंजन पेश करेगा। इसके प्रोग्रामिंग लाइन-अप में फिक्शन शो, इंटरनेशनल नॉन-फिक्शन फॉर्मेट, फिल्में और स्पोर्ट्स शामिल होंगे।

'नोटबुक 90– कधल फ्लैशबैक' में दर्शकों को स्मार्टफोन और सोशल मीडिया से पहले के दौर की दुनिया देखने को मिलेगी। उस समय क्लासरूम और स्कूल के प्लेग्राउंड में दोस्ती होती थी और छोटी-छोटी मुलाकातें यादगार बन जाती थीं। शो का मकसद इन्हीं अनुभवों के जरिए दर्शकों को अपने स्कूल के दिनों और पहली मोहब्बत की यादों से जोड़ना है।

सोनी विझा के लाइन-अप में कई तमिल फिल्में भी शामिल होंगी। इनमें 'अंबिल अवन', 'असरेरी', 'सरदार 2', 'मंडाडी', 'राजन वगैयारा' और 'मीसाया मुरूक्कू 2' जैसी फिल्में दिखाई जाएंगी। इसके अलावा, भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली आगामी टी20 इंटरनेशनल सीरीज के सभी पांच मैचों में आर. अश्विन की तमिल कमेंट्री भी चैनल पर सुनने को मिलेगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it