"दिल को सुकून मिला": ईशा कोप्पिकर
मुंबई, अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर हाल ही में उज्जैन में महाकाल के दर्शन करके लौटी हैं।

मुंबई, अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर हाल ही में उज्जैन में महाकाल के दर्शन करके लौटी हैं। मंगलवार को उन्होंने अपनी यात्रा के कुछ खास पलों और आध्यात्मिक अनुभव फैंस के साथ साझा किए। अभिनेत्री ने बताया कि यह सफर उनके लिए सिर्फ घूमने जैसा नहीं बल्कि दिल को सुकून देने वाला रहा।
अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने इंस्टाग्राम पर अपनी अध्यात्मिक यात्रा की झलक पोस्ट की, जिसमें वह उज्जैन की गलियों से लेकर महाकाल की आरती की तस्वीरें और वीडियो शामिल हैं।
अभिनेत्री ने अपना अनुभव शेयर करते हुए लिखा, "कुछ सफर दिल को सुकून देते हैं, कुछ चेहरे पर मुस्कान लाते हैं और कुछ हर चीज के लिए शुक्रगुजार होना सिखाते हैं। इंदौर के पोहे से लेकर महाकाल के दर्शन करने तक। कुछ सफर दिल को सुकून देते हैं, कुछ चेहरे पर मुस्कान लाते हैं, और कुछ हर चीज के लिए शुक्रगुजार होना सिखाते हैं। इंदौर के पोहे से लेकर महाकाल के दर्शन तक, थोड़ा सा सफर, ढेर सारा शुकराना।"
श्री महाकाल (भगवान महाकालेश्वर) मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में स्थित भगवान शिव का एक अत्यंत प्रसिद्ध और पवित्र ज्योतिर्लिंग है। महाकाल की मूर्ति दक्षिण की ओर मुख किए हुए है, जो इसे सभी 12 ज्योतिर्लिंगों में अद्वितीय और तांत्रिक परंपरा के अनुसार विशेष बनाती है।
यह शिवलिंग मनुष्य द्वारा स्थापित नहीं किया गया है बल्कि यह अपने आप प्रकट (स्वयंभू) हुआ है। मान्यता है कि बाबा महाकाल उज्जैन के राजा हैं और उनकी मर्जी के बिना यहां कोई दूसरा राजा या शासक रात नहीं रुकता। मुख्य मंदिर तीन स्तरों पर बना है। सबसे नीचे (तहखाने में) महाकाल, पहली मंजिल पर ओंकारेश्वर और दूसरी (शीर्ष) मंजिल पर नागचंद्रेश्वर का मंदिर है।
अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर की बात करें, तो वह पिछले कई समय से बड़े पर्दे से दूर हैं। हालांकि, सोशल मीडिया के जरिए फैंस के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज करवाती रहती हैं। गौरतलब है कि अभिनेत्री हाल ही में सुभाष घई के 'व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल' के फिल्म निर्माण छात्रों की डिप्लोमा फिल्म प्रोजेक्ट 'रॉकेटशिप' में नजर आई थीं। वह इस फिल्म में 'अदिति' नाम की एक मां का किरदार निभा रही हैं, जो अपनी बेटी के सपनों के साथ खड़ी दिखाई देती है।


