Top
Begin typing your search above and press return to search.

मेघना गुलजार ने बताया कहानी कहने की प्रेरणा का राज

मुंबई, फिल्ममेकर मेघना गुलजार अपनी फिल्मों के जरिए अक्सर ऐसी कहानियां पर्दे पर लेकर आती हैं, जो सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि समाज को सोचने पर मजबूर करती हैं।

मेघना गुलजार ने बताया कहानी कहने की प्रेरणा का राज
X

मुंबई, फिल्ममेकर मेघना गुलजार अपनी फिल्मों के जरिए अक्सर ऐसी कहानियां पर्दे पर लेकर आती हैं, जो सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि समाज को सोचने पर मजबूर करती हैं। 'तलवार', 'राजी' और 'सैम बहादुर' जैसी फिल्मों में उनके निर्देशन का एक अलग अंदाज देखने को मिला। अब मेघना अपनी अगली फिल्म 'दायरा' लेकर आ रही हैं। इसमें करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले मेघना ने खुलासा किया कि आखिर उन्हें अपनी कहानियां कहने की प्रेरणा कहां से मिलती है।

मेघना गुलजार से जब आईएएनएस ने पूछा कि एक कहानीकार के तौर पर उन्हें लगातार काम करने और नई कहानियां तलाशने की ऊर्जा कहां से मिलती है, तो उन्होंने कहा, ''मेरे लिए इसका सबसे बड़ा स्रोत जिंदगी है। जिस कहानी से बदलाव शुरू होता है, वही मेरे लिए सबसे पहली और सबसे बड़ी प्रेरणा होती है। मेरे लिए कहानी का मजबूत होना सबसे जरूरी है।''

मेघना ने कहा, ''मैं फिक्शन यानी काल्पनिक कहानियों की तुलना में नॉन-फिक्शन को ज्यादा पढ़ना और देखना पसंद करती हूं। असल जिंदगी और वास्तविक घटनाओं से जुड़ी चीजें मुझे समाज और दुनिया को समझने का मौका देती हैं। यही समझ एक कहानीकार के तौर पर मेरे काम में भी कहीं न कहीं शामिल होती है।''

उन्होंने कहा, ''मैंने ग्रेजुएशन के दौरान समाजशास्त्र की पढ़ाई की थी। इस पढ़ाई ने मेरे अंदर समाज को देखने और समझने का नजरिया बदला। मेरे भीतर एक तरह का रडार हमेशा खुला रहता है, जो आसपास और दुनिया में हो रही चीजों पर नजर रखता है। मैं यह समझने की कोशिश करती रहती हूं कि समाज में क्या चल रहा है, लोगों की सोच किस तरह बदल रही है और दुनिया किन मुद्दों से गुजर रही है।''

मेघना ने कहा, ''एक कहानीकार के लिए सिर्फ फिल्में और किताबें देखना ही काफी नहीं है। जिस दुनिया में वह रहता है, उसके बारे में जागरूक रहना भी जरूरी है। मैं लगातार अपने आसपास की दुनिया को समझने और उसमें हो रही घटनाओं से खुद को जोड़े रखने की कोशिश करती हूं। मेरे लिए सामान्य जागरूकता भी कहानी कहने की प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। यही वजह है कि मेरी फिल्मों में अक्सर सामाजिक मुद्दे देखने को मिलते हैं।''

बता दें कि मेघना की अगली फिल्म 'दायरा' एक क्राइम थ्रिलर है, जिसमें अपराध और जांच की कहानी के साथ न्याय, ताकत और कानून व्यवस्था से जुड़े कई सवाल उठाए जाएंगे। फिल्म का निर्माण जंगली पिक्चर्स के बैनर तले विनीत जैन कर रहे हैं।

'दायरा' 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it